- GRP के 4 सिपाही भी निलंबित
नया लुक ब्यूरो
21 नवंबर 2025 को बिहार के गया में चलती ट्रेन (हावड़ा–जोधपुर बीकानेर सुपरफास्ट) से सोना लूट मामले में जीआरपी के थानाध्यक्ष समेत चार जवानों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। अपराधियों पर सख्ती के लिए पहचाने जाने वाले गया जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह खुद इस सनसनीखेज लूट के मास्टरमाइंड निकले। पटना रेल एसपी की अगुवाई में हुई जांच के बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

यह घटना 21 नवंबर को 22307 हावड़ा–बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन में हुई थी। ट्रेन से सफर कर रहे एक कारोबारी के स्टाफ से करीब एक किलो सोने की लूट की गई थी। मामले में 29 नवंबर को गया रेल थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया।
इसके बाद पटना रेल एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) खंगाले गए, जिसमें लूट की घटना के समय जीआरपी के जवानों और थानाध्यक्ष की आपसी बातचीत और मौजूदगी का खुलासा हुआ। जांच में यह साफ हुआ कि लूट की साजिश में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह सहित चार जीआरपी जवान शामिल थे। बुधवार को गया रेल थानाध्यक्ष को गिरफ्तार कर रेल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की गहराई से जांच के लिए तीन डीएसपी की एसआईटी टीम गठित की गई है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
