उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महाराजगंज। जिले के भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ कोल्हुई पुलिस की सतर्कता एक बार फिर रंग लाई है। नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने हाइवे पर एक सवारी वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें नेपाल से भारत लाई जा रही प्रतिबंधित वस्तुओं की बड़ी खेप बरामद की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक तस्कर को मौके पर ही गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान वाहन में रखे गए संदिग्ध सामान के बारे में पूछताछ करने पर आरोपी पहले टालमटोल करता रहा और सामान को अपना बताने से इनकार कर दिया। हालांकि, वाहन चालक से की गई सख्त पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को कब्जे में लेकर थाने पर विस्तृत पूछताछ की, जिसमें यह पुष्टि हुई कि बरामद सामान नेपाल से अवैध रूप से भारत लाया जा रहा था।
तलाशी के दौरान वाहन से 700 पैकेट सहारा सिगरेट, 240 पैकेट फेयर एंड लवली क्रीम, 10 किलोग्राम अखरोट, 20 किलोग्राम किशमिश और 2 किलोग्राम सुपारी बरामद की गई। ये सभी सामग्री सीमा शुल्क नियमों के तहत प्रतिबंधित अथवा उच्च कर वाली श्रेणी में आती हैं, जिनकी तस्करी से सरकारी राजस्व को भारी क्षति पहुंचती है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी वीरेंद्र के रूप में की गई है। इस संबंध में कोल्हुई थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि बरामद समस्त सामग्री को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत नौतनवां कस्टम विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी।
