सहारनपुर । कांशीराम कॉलोनी में सोमवार शाम ऐसा तमाशा हुआ कि पूरा मोहल्ला सांस थामकर देखता रह गया। 35 साल का शुभम, शराब के नशे में धुत, अपनी पत्नी शिवानी और 3 साल के बेटे को लेने ससुराल पहुंचा। बात नहीं बनी तो गुस्से में पास की 40 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और चिल्लाने लगा, “पत्नी-बच्चा नहीं भेजोगे तो अभी कूदकर मर जाऊंगा!”
शुभम और शिवानी की शादी को 5 साल हुए। कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ, शिवानी बच्चे को लेकर मायके आ गई। शुभम कई दिनों से फोन कर रहा था, लेकिन ससुराल वालों ने साफ मना कर दिया। आरोप – “ये शराब पीकर मारपीट करता है, कोई काम-धंधा नहीं।” सोमवार शाम शुभम नशे में ससुराल पहुंचा। पहले गिड़गिड़ाया, फिर गाली-गलौज, फिर टंकी पर चढ़ गया। मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग फोन निकालकर वीडियो बनाने लगे।
हाईकोर्ट पर सुप्रीम वार, नाराज CJI की दो टूक – ऐसे गलत फैसले न करे हाइकोर्ट, वरना…
पुलिस को सूचना मिली तो कोतवाली देहात से टीम पहुंची। इंस्पेक्टर ने माइक पर समझाया, “भाई नीचे आ जाओ, बात करते हैं।” लेकिन शुभम चिल्लाता रहा, “पहले शिवानी को बुलाओ!” करीब एक घंटे तक ड्रामा चला। आखिरकार पुलिस ने आश्वासन दिया, “पत्नी को साथ भेज देंगे।” तब जाकर शुभम नीचे उतरा। पुलिस ने हिदायत देकर छोड़ दिया। शिवानी और बच्चा अभी मायके में ही हैं।
मोहल्ले वाले बता रहे हैं – शुभम पहले भी ऐसा कर चुका है। ससुराल वालों ने कहा, “अब हम डर गए हैं। बेटी को नहीं भेजेंगे।” पुलिस ने दोनों पक्षों से बात की, लेकिन कोई FIR नहीं हुई।
