देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे गांव को हक्का-बक्का कर दिया। नई-नवेली दुल्हन ससुराल पहुंची और महज 20 मिनट बाद खुलेआम ऐलान कर दिया कि वह इस रिश्ते में नहीं रहना चाहती। घर के आंगन में मौजूद रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिवार की महिलाओं के सामने उसने साफ शब्दों में कहा कि मुझे मायके छोड़ दो, मैं विशाल के साथ नहीं रहूंगी। यह मामला 26 नवंबर 2025 का है। दूल्हा विशाल मद्धेशिया अपने पिता हर्ष चंद्र मद्धेशिया के साथ गांव में जनरल स्टोर चलाता है। छह महीने पहले उसकी शादी सलेमपुर क्षेत्र की पूजा मद्धेशिया से तय हुई थी। दोनों परिवार एक ही जाति-बिरादरी के थे, इसलिए रिश्ता आसानी से पक्का हो गया। 25 नवंबर की शाम बारात सलेमपुर पहुंची, धूमधाम से जयमाला, फेरे और सारी रस्में हुईं। अगले दिन पूजा विधिवत विदा होकर ससुराल आई। स्वागत की सारी रस्में निभाई गईं। दुल्हन को नए कमरे में ले जाया गया। लेकिन 20 मिनट बाद ही पूजा कमरे से बाहर निकली और आंगन में खड़ी होकर बोली, कि मैं इस शादी में खुश नहीं हूं, मुझे वापस मायके भेज दो। पहले तो सबने इसे मजाक समझा, लेकिन जब उसने बार-बार यही बात दोहराई तो हड़कंप मच गया।
ये भी पढ़े
दूल्हे ने पांचवें दिन दुल्हन को निकाला बाहर, वजह सुनकर रह जाएंगे दंग
परिवार वालों ने बहुत समझाया, कारण पूछा, लेकिन पूजा ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। सिर्फ यही कहा कि उसका मन इस रिश्ते में नहीं है। लड़के वालों ने तुरंत दुल्हन के मायके वालों को बुलाया। गांव में पंचायत बैठी। पांच घंटे तक दोनों पक्षों के लोग समझाते रहे, लेकिन पूजा अपनी बात पर अड़ी रही। आखिरकार पंचायत में ही कागज पर लिखा-पढ़ी हुई और दोनों ने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया।
ये भी पढ़े
नहीं मिला प्यार तो प्रेमी के लाश से रचाई शादी, क्या है मामला… जानिए
विशाल ने दहेज में मिला सारा सामान -कपड़े, गहने, बर्तन -वापस लौटा दिया। सुहागरात से पहले ही दुल्हन मायके चली गई। दूल्हा विशाल ने दुखी मन से कहा कि अगर शादी नहीं करनी थी तो पहले क्यों नहीं बताया? छह महीने तक सब ठीक चला, फोन पर बातें होती थीं। अचानक ऐसा करके उसने पूरे परिवार की नाक कटा दी। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कोई प्रेम प्रसंग की आशंका जता रहा है तो कोई मानसिक दबाव की। लेकिन सच जो भी हो, एक शादी महज 20 मिनट में टूट गई और दो परिवारों की खुशियां मिट्टी में मिल गईं।
