लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के पांच दिन एक नवविवाहिता को उसके पति और ससुराल वालों ने घर से बाहर निकाल दिया। वजह दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी नहीं मिली और दूल्हे को दुल्हन के दांत पसंद नहीं आए! पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2024 में उसकी शादी एक निजी कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत युवक से हुई थी। पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज दिया, लेकिन शादी के पांचवें दिन से ही पति ने स्कॉर्पियो कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल वालों ने उसे मानसिक-शारीरिक यातना देना शुरू कर दिया।
महिला का आरोप है कि पति बार-बार तंज कसता था, कि तेरे दांत अच्छे नहीं हैं, यहां से भाग जा वरना जान से मार दूंगा। ससुराल वालों ने उसके मायके में फोन करके साफ कह दिया, कि स्कॉर्पियो लाकर दो वरना अपनी बेटी ले जाओ। दो दिन तक उसे खाना तक नहीं दिया गया और लगातार अपमान सहना पड़ा।
ये भी पढ़े
नहीं मिला प्यार तो प्रेमी के लाश से रचाई शादी, क्या है मामला… जानिए
इस मानसिक प्रताड़ना का असर इतना गहरा पड़ा कि लगातार बेटी की हालत सुनकर पीड़िता के पिता गहरे अवसाद में चले गए और सितंबर 2025 में उनकी मौत हो गई। पिता के निधन के बाद जब बेटी ससुराल लौटी तो उसे घर के अंदर तक घुसने नहीं दिया गया। मजबूरन उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पीड़िता को सुरक्षा भी मुहैया कराई गई है। यह मामला एक बार फिर दहेज जैसी कुप्रथा की जड़ता और उससे उपजने वाली हैवानियत को उजागर करता है।
