- अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए मासिक क्राइम पर हुई गोष्ठी
- लंबित विवेचनाओं को लेकर कड़ी चेतावनी, दबिश में बरतें सावधानी
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। राजधानी में सोमवार हल्का-फुल्का सर्द मौसम था, उसी समय DCP पूर्वी के कार्यालय में आयोजित अपराध मीटिंग के दौरान सवालों का जवाब देने में इंस्पेक्टरों के पसीने छूट रहे थे। DCP पूर्वी शशांक सिंह ने सर्किल अफसरों व थाना प्रभारियों के लिए कई सवाल तैयार किए थे, जिसमें दर्जन भर से अधिक सवाल शामिल थे। इस गोष्ठी में एडीसीपी, एसीपी से लेकर नौ थानों के क्राइम मीटिंग में मौजूद थे। इस दौरान DCP पूर्वी ने जिम्मेदार स्टेशन अफसरों के सामने सवालों की झड़ी लगा दी।
क्राइम मीटिंग में ली गई मासिक अपराध समीक्षा में DCP पूर्वी शशांक सिंह ने लंबित पड़ी विवेचनाओं के बारे में जानकारी तलब की तो इस दौरान कुछ थाना प्रभारी जिम्मेदारी निभाने में खरे उतरे तो कुछ की लापरवाही भी उजागर हुई। क्राइम मीटिंग में DCP पूर्वी ने अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने तथा लंबित विवेचनाओं पर जोर दिया।
उन्होंने ने महिलाओं एवं लड़कियों और मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान लापरवाही बरतने वाले स्टेशन अफसरों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि लंबित विवेचनाओं का जल्द निस्तारण कर DCP पूर्वी कार्यालय में अवगत कराएं। DCP ने कहा कि कोई भी मामलों की विवेचना तथा साक्ष्य संकलन मजबूती से किया जाए, ताकि किसी भी मामले में आरोपी बचकर न निकल सके।
