- प्रतापगढ़ जिले में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। कहीं बेरोज़गारी का तनाव तो कहीं घरेलू कलह। वजह कोई भी हो यूपी में जान देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। आजमगढ़ जिले में समाज कल्याण विभाग में तैनात अधिकारी आशीष सिंह ने प्रतापगढ़ जिले के पूरे केशव राय स्थित अपने घर में खुदकुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुसाइड नोट न मिलने से जान देने की वजह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस की छानबीन में पता चला है कि आशीष सिंह ने घरेलू कलह के चलते ही यह कदम उठाया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित पूरे केशव राय गांव निवासी आशीष सिंह आजमगढ़ जिले में समाज कल्याण विभाग में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि आशीष सिंह बीते शनिवार को अवकाश पर घर आए थे। उनकी पत्नी जनपद सुल्तानपुर स्थित अपने मायके गई हुई थी, जबकि आशीष घर पर थे। बताया जा रहा है कि आशीष और उनकी पत्नी के बीच मोबाइल फोन पर बात हुई और किसी बात को लेकर बहस हुई। इसके बाद आशीष सिंह कमरे में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह आजमगढ़ जाने की तैयारी कर रहे थे कि इससे पहले उन्होंने खुदकुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
