लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक भवन, लखनऊ में भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी नेता और कुशल प्रशासक थे। वे उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्र भारत के गृहमंत्री के रूप में देश की एकता, अखंडता और समरसता के लिए आजीवन समर्पित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित पंत ने सामाजिक समानता, न्याय और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मौर्य जी ने कहा कि आज के अवसर पर हम सबको उनके आदर्शों और मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। राष्ट्र और समाज की सेवा ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल जनप्रतिनिधिगण एवं प्रतिष्ठितजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
