New Delhi: संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के इस विधेयक का समर्थन करने की खबरों के बीच सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री बनाए जाने की अटकलें भी सामने आई हैं। NDTV की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि पार्टी समर्थन के बदले केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में हिस्सेदारी चाहती है। हालांकि, सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, NCP (SP) की ओर से सुप्रिया सुले के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मांगे जाने की चर्चा है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद की मांग किए जाने का भी दावा किया गया है। फिलहाल इन संभावित राजनीतिक समझौतों को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
परिसीमन बिल पर पार्टी के रुख को लेकर असमंजस
NCP (SP) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को शरद पवार से मुलाकात के बाद कहा था कि पार्टी परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी। वहीं, सुप्रिया सुले ने कहा था कि विधेयक का मसौदा देखने और उसके प्रावधानों का अध्ययन करने के बाद ही पार्टी अपना रुख स्पष्ट करेगी। पार्टी के कुछ सांसदों तक आधिकारिक निर्णय नहीं पहुंचने की खबरों ने भी स्थिति को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

जितेंद्र आव्हाड
कांग्रेस ने जताई नाराजगी
NCP (SP) के संभावित समर्थन को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस ने नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर याद दिलाया कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को जिताने के लिए उसने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि अब वही पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन क्यों कर रही है।

शरद पवार
क्या है परिसीमन बिल का प्रस्ताव?
केंद्र सरकार की ओर से मंजूर नए प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान बताया गया है। इसके तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 815 हो सकती हैं। विधेयक में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने से जुड़ी व्यवस्था भी शामिल है। प्रस्ताव के अनुसार, राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा आनुपातिक हिस्से को 2051 तक बनाए रखने की योजना है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
ग्रामीण उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार, 01 दिसंबर से शुरू होगा यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2026
बिहार में JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग, 24 हजार की स्कॉलरशिप
काशी की गंगा और तमिलनाडु की कावेरी, संस्कारों की धारा एक: CM
