Pakistan News: पाकिस्तान ने एक हिंदू महिला संत की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है। माता साहिब हसी देवी के सम्मान में जारी इस सिक्के पर एक तरफ पाकिस्तान का राष्ट्रीय चिह्न चांद-सितारा और दूसरी तरफ सिंध के प्रसिद्ध शदानी दरबार की तस्वीर अंकित है। पाकिस्तान सरकार के इस कदम को वहां की हिंदू धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है।
स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने इस विशेष सिक्के को 27 नवंबर 2026 से अपने बैंकिंग सर्विसेज कॉरपोरेशन के फील्ड ऑफिसों के एक्सचेंज काउंटर पर उपलब्ध कराया है। इस सिक्के को जारी करने का उद्देश्य माता साहिब हसी देवी के धार्मिक और सामाजिक योगदान को याद करना है।
सिक्के की क्या है खासियत?
पाकिस्तान की ओर से जारी 200 रुपये का यह स्मारक सिक्का तांबे और निकेल से तैयार किया गया है। इसमें 75 प्रतिशत तांबा और 25 प्रतिशत निकेल का इस्तेमाल हुआ है। सिक्के का वजन 13.5 ग्राम और व्यास 30 मिलीमीटर है।
इसके एक हिस्से पर पाकिस्तान का चांद-सितारा, जारी होने का वर्ष और 200 रुपये का मूल्य अंकित है। वहीं दूसरी तरफ सिंध स्थित ऐतिहासिक शदानी दरबार की तस्वीर के साथ माता साहिब हसी देवी की 200वीं जयंती के सम्मान में संदेश दिया गया है।
कौन थीं माता साहिब हसी देवी?
माता साहिब हसी देवी का जन्म वर्ष 1826 में हुआ था। वह सिंध क्षेत्र की प्रसिद्ध हिंदू महिला संत और आध्यात्मिक गुरु थीं। उनका संबंध पाकिस्तान के ऐतिहासिक शदानी दरबार से था। उन्होंने इस धार्मिक स्थल की पांचवीं आध्यात्मिक प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी।
![]()
बताया जाता है कि वर्ष 1846 में उनका विवाह संत तंसुखराम साहिब से हुआ था, जो शदानी दरबार के चौथे आध्यात्मिक प्रमुख थे। इसके बाद 1852 में माता साहिब हसी देवी ने धार्मिक गद्दी की जिम्मेदारी संभाली। वह धार्मिक गतिविधियों, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जानी जाती थीं। उनके अनुयायियों के बीच उनकी पहचान एक सेवाभावी और आध्यात्मिक महिला संत के रूप में रही है।
240 साल पुराना है शदानी दरबार
शदानी दरबार पाकिस्तान के सिंध प्रांत के हयात पिटाफी इलाके में स्थित है। इसकी स्थापना वर्ष 1786 में संत शदेराम साहिब ने की थी। इस लिहाज से 2026 में यह धार्मिक स्थल लगभग 240 वर्ष पुराना हो चुका है। मान्यता के अनुसार, संत शदेराम साहिब ने धार्मिक यात्रा के दौरान सिंध में इस दरबार की स्थापना की थी। यहां पूजा-पाठ के साथ सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य भी किए जाते हैं। दरबार में सामूहिक विवाह जैसे आयोजन भी होते हैं। भारत से भी श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
गुरु नानक देव के सम्मान में भी जारी हुआ था सिक्का
पाकिस्तान इससे पहले भी धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के सम्मान में स्मारक सिक्के जारी कर चुका है। नवंबर 2019 में गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती के अवसर पर 550 रुपये का विशेष सिक्का जारी किया गया था। यह कदम करतारपुर कॉरिडोर खुलने के समय उठाया गया था। इसके अलावा पाकिस्तान ने समाजसेवी अब्दुल सत्तार ईदी, डॉ. रुथ फाउ, पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो और शिक्षाविद सर सैयद अहमद खान के सम्मान में भी स्मारक सिक्के जारी किए हैं।

पाकिस्तान में कितनी है हिंदू आबादी?
पाकिस्तान की 2023 की जनगणना के अनुसार, वहां हिंदू समुदाय की आबादी को दो अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज किया गया है। इनमें हिंदू जाति और अनुसूचित जाति शामिल हैं। दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल आबादी 52,17,216 बताई गई है। इनमें से अधिकांश हिंदू सिंध प्रांत में रहते हैं। जनगणना के आंकड़ों के अनुसार, सिंध में इन दोनों श्रेणियों की कुल आबादी करीब 49 लाख है। इस तरह पाकिस्तान की हिंदू आबादी का बड़ा हिस्सा इसी प्रांत में निवास करता है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
राजभर का अखिलेश पर निशाना, चुप्पी पर सवाल
दिसंबर में कब-कब बंद रहेंगे बैंक? देखें पूरी लिस्ट
महराजगंज कार्यालय पर आज जिला कांग्रेस कमेटी की हुई आवश्यक बैठक
