काशी की गंगा और तमिलनाडु की कावेरी, संस्कारों की धारा एक: CM

Varanasi
  • काशी तमिल संगमम् 5.0 का शुभारंभ, उपराष्ट्रपति और योगी ने किया उद्घाटन
  • तिरुक्कुरल का 50 से अधिक भारतीय भाषाओं में डिजिटल विमोचन
  • आस्था के साथ आजीविका को भी मिल रहा बढ़ावा: CM योगी
  • ज्ञान, अध्यात्म और कनेक्टिविटी से वैश्विक पहचान बना रही काशी: CM
  • तिरुक्कुरल और गीता का चिंतन एक, कर्म से होती है पहचान: CM
  • योगी के नेतृत्व में बदली काशी की तस्वीर
  • भारतीय एकता को मजबूत करेगा संगमम्: चामू कृष्ण शास्त्री

Varanasi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र किसी एक नक्शे से नहीं बनता, बल्कि उन पुलों से बनता है जो हृदय को हृदय से जोड़ते हैं। काशी में मां गंगा हैं और तमिलनाडु में कावेरी, लेकिन दोनों के तटों पर बहने वाली संस्कार की धारा एक ही है। भाषाएं अलग-अलग हैं पर भाव एक हैं, परंपराएं विविध हैं पर संस्कृति एक है और यही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री शनिवार को वाराणसी में ‘काशी तमिल संगमम् 5.0’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने बटन दबाकर 12 दिसंबर तक चलने वाले इस पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (CICT) द्वारा संत तिरुवल्लुवर के ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ के सभी 1,330 दोहों के 50 से अधिक भारतीय भाषाओं में अनुवादित ग्रंथों का डिजिटल विमोचन भी किया। कार्यक्रम में यू.ई. सिंदुजा ने तिरुक्कुरल पर गायन प्रस्तुति दी।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से हुई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों से संवाद भी किया।

तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ थीम पर पांचवां संस्करण, एक हजार संस्थान जुड़े

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में जो काशी तमिल संगमम् एक प्रयोग के रूप में शुरू हुआ था, आज वह एक जनआंदोलन बन चुका है। चौथे संस्करण की थीम ‘तमिल करकलम’ के बाद इस बार थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ अर्थात तिरुक्कुरल का अभ्यास करें रखी गई है। इसके तहत देश के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों के एक-एक विद्यार्थी तिरुक्कुरल पर शोध व प्रस्तुति देंगे तथा तमिलनाडु के लगभग 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों व महाविद्यालयों में इसका अध्यापन करेंगे। तमिलनाडु से आए करीब 1,400 अतिथि काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या का भी दर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल के तीन खंड अराम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इनबम (काम) सनातन परंपरा के मूल आधार हैं। संत तिरुवल्लुवर का यह संदेश कि जन्म से सभी समान हैं और भेद केवल कर्म से होता है, उपनिषदों और श्रीमद्भगवद्गीता के चिंतन का ही विस्तार है।

धाम बनने के बाद 26 करोड़ श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्क ट्वेन ने काशी के बारे में कहा था कि यह इतिहास से भी पुरानी और परंपरा से भी प्राचीन है। यहीं सारनाथ में भगवान बुद्ध ने पहला उपदेश दिया, भगवान पार्श्वनाथ ने जन्म लिया, कबीर ने वाणी दी, संत रविदास ने समरसता सिखाई और तुलसीदास जी ने रामचरितमानस को जन-जन की भाषा बनाया। स्वतंत्र भारत में लंबे समय तक यह नगरी उपेक्षित रही। पहले यहां आस्था थी लेकिन व्यवस्था नहीं थी, भीड़ थी पर सुविधा नहीं थी।

आज डबल इंजन सरकार में आस्था भी है और व्यवस्था भी। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा के दरबार में आए, जिनमें 70 फीसदी दक्षिण भारत से थे। इससे डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। नाविक, पुजारी, व्यापारी, गाइड और होटल कर्मियों की आजीविका सशक्त हुई है। जहां आस्था चलती है, वहां आजीविका भी चलती है।

चार स्तंभों पर विश्व का केंद्र बन रही काशी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी को ज्ञान (BHU व IIT मद्रास की साझेदारी), अध्यात्म (काशी-प्रयागराज-अयोध्या स्पिरिचुअल सर्किट), कनेक्टिविटी (वायु, सड़क, रेल, रोपवे व जलमार्ग) और अर्थव्यवस्था (हेरिटेज, हॉस्पिटैलिटी व हाई-टेक कनेक्टिविटी) के चार स्तंभों पर वैश्विक केंद्र बनाया जा रहा है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट विस्तार, नमो घाट, इंटरनेशनल स्टेडियम, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना काशी की नई पहचान हैं। केंद्र सरकार ने जुलाई में 25,000 करोड़ रुपये की लागत से दो एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिससे यात्रा समय आधे से कम हो जाएगा।

तेनकाशी से संसद के सेंगोल तक जुड़ा काशी-तमिलनाडु का रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयाग में गंगा-यमुना के संगम से तीर्थराज बनता है और काशी में गंगा की ज्ञान परंपरा व तमिल की अमृत परंपरा के संगम से राष्ट्र का चैतन्य जागृत होता है। 15वीं सदी में पांड्य नरेश द्वारा स्थापित ‘तेनकाशी’, महर्षि अगस्त्य के ‘अगत्तियम’ व ‘आदित्य हृदय स्तोत्र’ और काशी के अगस्त्य कुंड से लेकर आदि शंकराचार्य, जगद्गुरु रामानुजाचार्य, संत कुमार गुरुपरर और महाकवि सुब्रमण्य भारती तक दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक धारा एक रही है।

नट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज 200 वर्षों से प्रयागराज के त्रिवेणी जल से रामेश्वरम् और कोटि तीर्थ जल से काशी विश्वनाथ का अभिषेक कर रहा है। केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट आज भी ‘मिनी तमिलनाडु’ के रूप में जीवंत हैं, वहीं नई संसद में स्थापित पवित्र ‘सेंगोल’ तमिल परंपरा के प्रति राष्ट्र के सम्मान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बदली काशी की तस्वीर: प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वर्ष 2004 में सांसद बनने के बाद जब वे परिवार के साथ काशी आए थे, तब यहां की स्थिति काफी खराब थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी में बेहतरीन व्यवस्थाएं कर इसकी तस्वीर बदल दी है, जिसके लिए वे उनका अभिनंदन करते हैं। आज पूरा बनारस एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना का साकार रूप है। दिल्ली से पीएम मोदी और लखनऊ से सीएम योगी ने मिलकर काम किया है, जिसका बदलाव आज देश में दिखाई दे रहा है और भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि काशी तमिल संगमम् में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से 1,400 प्रतिनिधि आए हैं

काशी तमिल संगमम् एक ऐतिहासिक आयोजन: चामू कृष्ण शास्त्री

भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि काशी तमिल संगमम् एक ऐतिहासिक आयोजन है। काशी और तमिलनाडु का संबंध प्राचीन है। रामेश्वरम् से काशी और काशी से रामेश्वरम् की धार्मिक यात्रा की परंपरा दोनों क्षेत्रों के सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है। भाषा और संस्कृति के माध्यम से इस आत्मीयता को पुनर्जीवित कर भारतीय एकता को मजबूत करना ही काशी तमिल संगमम् का उद्देश्य है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, भारत सरकार की उच्च शिक्षा सचिव दीप्ति गौर मुखर्जी, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री, IIT मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटि और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी सहित अनेक पदाधिकारी, गणमान्यजन व प्रतिभागी उपस्थित रहे।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें  

Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews

ये भी पढें

सर्दियों में खाएं खजूर-ड्राई फ्रूट्स के हेल्दी लड्डू, मिलेगी भरपूर एनर्जी

योगी सरकार आयुष्मान योजना में फर्जी पैथोलॉजी रिपोर्ट पर सख्त, हेरफेर करने वाले अस्पतालों पर गिरेगी गाज

दिल्ली-UP से पंजाब तक घने कोहरे का अलर्ट

 

 

 

Crime News Lucknow Uttar Pradesh

बीकेटी में एक व्यक्ति की सिर कूचकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

माथे पर काटने का तो सिर के पीछे गहरे चोट के निशान आउटर रिंग रोड पर स्थित मामपुर गांव के पास हुई घटना का मामला शव की पहचान नहीं हो सकी, पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन में जुटी ए अहमद सौदागर Lucknow: राजधानी लखनऊ में हत्या कर शव फेंकें जाने का सिलसिला थम नहीं […]

Read More
Health Uttar Pradesh

योगी सरकार आयुष्मान योजना में फर्जी पैथोलॉजी रिपोर्ट पर सख्त, हेरफेर करने वाले अस्पतालों पर गिरेगी गाज

योगी सरकार ने कसा शिकंजा, जांच रिपोर्ट पर पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर और पंजीकरण नंबर अनिवार्य मशीन से निकली रिपोर्ट में बदलाव किया तो होगी कार्रवाई, फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने वाले अस्पतालों की खत्म हो सकती है मान्यता योगी सरकार ने आयुष्मान योजना में मरीजों के इलाज में लापरवाही, फर्जीवाड़े और अनियमितता को रोकने के लिए […]

Read More
Lucknow National Politics

महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को महिलाएं याद रखेंगी: केशव मौर्य

Lucknow: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले राजनीतिक दलों को देश की महिलाएं कभी नहीं भूलेंगी। आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के […]

Read More