Silver Price Today: चांदी की कीमतों में पिछले कुछ समय से भारी गिरावट देखने को मिल रही है। एक समय रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने वाली चांदी अब अपने उच्चतम स्तर से करीब 67 फीसदी तक टूट चुकी है। इस गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि चांदी अब अपने निचले स्तर के करीब पहुंच सकती है और आने वाले समय में इसमें धीरे-धीरे रिकवरी देखने को मिल सकती है।
ब्रोकरेज फर्म PL Capital की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका, वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी और सिल्वर ETF से लगातार हो रही निकासी के कारण चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, तकनीकी संकेतों से पता चलता है कि अब गिरावट की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। ऐसे में निवेशकों की नजर इस बात पर है कि क्या चांदी मौजूदा स्तर से वापसी करेगी या अभी और सस्ती होगी।
रिकॉर्ड हाई से 67% तक लुढ़की चांदी
चांदी ने 29 जनवरी 2026 को कॉमेक्स पर करीब 121.60 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। लेकिन इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ा और कीमतों में तेज गिरावट शुरू हो गई। इस सप्ताह चांदी करीब 39.50 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई। इस तरह अपने रिकॉर्ड हाई से चांदी की कीमत करीब दो-तिहाई तक नीचे आ चुकी है। PL Capital के अनुसार, आधुनिक इतिहास में यह चांदी की सबसे बड़ी गिरावटों में से एक है। इससे पहले 1980 में भी चांदी के बाजार में इतनी बड़ी गिरावट देखने को मिली थी।
37 से 39.50 डॉलर का स्तर क्यों है अहम?
PL Capital की रिपोर्ट के मुताबिक, चांदी के चार्ट पर हार्मोनिक एबीसीडी पैटर्न बन रहा है। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 37 से 39.50 डॉलर प्रति औंस का स्तर चांदी के लिए अहम सपोर्ट जोन माना जा रहा है। इसका मतलब है कि अगर चांदी इस दायरे में टिकने में कामयाब रहती है तो कीमतों में गिरावट थम सकती है और बाजार में स्थिरता आने की संभावना बढ़ सकती है। इसके अलावा, मोमेंटम इंडिकेटर्स भी कमजोरी कम होने के शुरुआती संकेत दे रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कीमतों में गिरावट के बावजूद रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) में पहले के मुकाबले बेहतर स्थिति दिखाई दे रही है। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में बिकवाली का दबाव धीरे-धीरे कम हो सकता है।
ये भी पढें
कब लौटेगी चांदी में तेजी? इन स्तरों पर रखें नजर
PL Capital का मानना है कि चांदी में तेजी की पुष्टि के लिए निवेशकों को अभी कुछ समय इंतजार करना चाहिए। इसके लिए लगातार दो सप्ताह तक कीमतों में बढ़त और 37 से 39.50 डॉलर प्रति औंस के सपोर्ट जोन के ऊपर टिके रहना जरूरी होगा। अगर चांदी इस सपोर्ट जोन को बनाए रखती है तो आगे रिकवरी की संभावना मजबूत हो सकती है। वहीं, इस स्तर से नीचे फिसलने पर कीमतों में दोबारा गिरावट का दबाव बन सकता है। ऊपरी स्तरों की बात करें तो चांदी के लिए 43 डॉलर प्रति औंस पहला अहम लक्ष्य हो सकता है। इसके बाद 46 से 47 डॉलर और फिर 51 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर नजर रहेगी।
निवेशकों को क्या करना चाहिए? एक्सपर्ट ने दी ये सलाह
PL Capital के कमोडिटी हेड आशीष राजोदिया के मुताबिक, मौजूदा बाजार परिस्थितियों में निवेशकों को एक साथ बड़ी रकम चांदी में लगाने से बचना चाहिए। इसके बजाय धीरे-धीरे निवेश करना बेहतर रणनीति हो सकती है। उन्होंने निवेशकों को सिल्वर ETF के जरिए अलग-अलग समय पर छोटी-छोटी रकम निवेश करने की सलाह दी है। इससे एक ही कीमत पर पूरा पैसा लगाने का जोखिम कम किया जा सकता है।
आशीष राजोदिया के अनुसार, जब तक चांदी की कीमत 35 डॉलर प्रति औंस के अहम सपोर्ट स्तर के ऊपर बनी रहती है, तब तक इसका नजरिया सकारात्मक रह सकता है। कुल मिलाकर, चांदी में भारी गिरावट के बाद अब बाजार की नजर सपोर्ट लेवल पर टिकी है। अगर कीमतें इन स्तरों को बनाए रखने में सफल रहती हैं तो आने वाले समय में रिकवरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, निवेशकों को जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय बाजार के रुख और अपनी जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखकर निवेश करना चाहिए।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
आजम खान का चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला,बोले- ‘अपना राजनीतिक करियर खत्म कर लिया’
महिला आरक्षण पर PM का बड़ा बयान
गेहूं की रोटी से खुजली या पेट दर्द?
