शिक्षा मंत्री के इस पहल से बदल जाएगी शिक्षा की गुणवत्ता, इन पहलों का किया शुभारंभ
नया लुक ब्यूरो
New Delhi: छात्रों को अपने पुराने साथियों से जुड़ना काफी कठिन विषय रहा है। कई बार ऐसा होता है, जब अपना कोई सहपाठी बड़े पद पर पहुंच जाता है, लेकिन हम जानकारी के अभाव में न तो उससे मिल पाते हैं और न ही उससे कनेक्ट हो पाते हैं। इस परेशानियों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने KVS एलुमनाई कनेक्ट पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल के माध्यम से देश-दुनिया में पसरे तमाम छात्र अब अपने साथी, बैचमेट और सहपाठी से जुड़ सकता है।
इस पहल को जानकार KVS में प्रौद्योगिकी-सक्षम, पारदर्शी एवं सुचारु प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बता रहे हैं। इसके अलावा जोशी ने कल नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की दो और महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इनमें ‘समीक्षा’ AI बॉट से युक्त AI-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) तथा KVS-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल शामिल हैं।
इन पहलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के उद्देश्यों को साकार करने और डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए, केंद्रीय मंत्री ने KVS की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इन पहलों की पहुंच और प्रभाव बढ़ाने तथा सभी हितधारकों के बीच इनके व्यापक उपयोग को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। जोशी ने सभी कक्षाओं और क्षेत्रों को शामिल करते हुए इन डिजिटल पहलों का प्रत्येक केंद्रीय विद्यालय तक विस्तार सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने हितधारकों को निरंतर सीखने और सुधार की प्रक्रिया अपनाने, पहलों के परिणामों का नियमित आकलन करने तथा आवश्यकतानुसार सुधार के क्षेत्रों की पहचान कर उन पर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जोशी ने सुझाव दिया कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (DOSEL) के सहयोग से इस पहल का विस्तार केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) से आगे बढ़ाकर संपूर्ण स्कूली शिक्षा व्यवस्था तक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिल सके। शिक्षकों के क्षमता निर्माण के महत्व को रेखांकित करते हुए, उन्होंने पोर्टल में शिक्षकों के प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत आंकड़ों को शामिल करने का सुझाव दिया।
इसमें शिक्षकों की प्रशिक्षण स्थिति, प्रशिक्षण संबंधी कमियां, पूर्व में प्राप्त प्रशिक्षण का रिकॉर्ड और आगामी प्रशिक्षण की आवश्यकताओं का विवरण शामिल करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी जानकारियों को एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एकीकृत करने से प्रशिक्षण गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होगी और शिक्षकों को समय पर आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (DOSEL) के सचिव टीके अनिल कुमार DOSEL की संयुक्तव सचिव प्राची पांडेय; केन्द्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त विकास गुप्ताव और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठअधिकारी भी शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित थे।
AI-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र
AI-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र (samiksha.kvs.gov.in) छात्रों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, विद्यालयों के बुनियादी ढांचे और प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए रियल-टाइम डैशबोर्ड उपलब्ध कराता है। इसका ‘समीक्षा’ AI बॉट उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर कमियों की पहचान करता है तथा आवश्यक सुधारात्मक कदमों के सुझाव देता है जिससे समय पर निर्णय लेने में सहायता मिलती है।
KVS-संवाद – पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल
KVS-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल (samvaad.kvs.gov.in) के माध्यम से अभिभावक विद्यालय से सीधे जुड़ सकेंगे। यह प्लेटफॉर्म छात्रों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति, शैक्षणिक परिणाम, शिक्षण संसाधनों और डिजिटल छात्र पहचान पत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। इसके अलावा, अभिभावक छात्र एवं शिक्षक डायरी देख सकेंगे तथा बोनाफाइड प्रमाणपत्र, सीईए प्रमाणपत्र और छात्र अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस पहल से अभिभावक-शिक्षक संवाद को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ कागजी कार्रवाई और विद्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता भी कम होगी।
KVS एलुमनाई पोर्टल
यह पोर्टल (alumni.kvs.gov.in) पूर्व छात्रों को अपने विद्यालयों तथा पूर्व सहपाठियों से दोबारा जुड़ने, अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा करने तथा मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन और संस्थागत विकास में योगदान देने के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करता है। KVS मुख्यालय के IT सेवा प्रकोष्ठ द्वारा इन सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म को आंतरिक रूप से विकसित किया गया है। इनका उद्देश्य आवश्यक सूचनाओं और सेवाओं को एक क्लिक पर उपलब्ध कराना है, जिससे अभिभावकों, छात्रों, शिक्षकों और प्रशासकों के समय एवं प्रयास की बचत हो सके। ये डिजिटल पहल शैक्षिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बनाने के प्रति केंद्रीय विद्यालय संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
मक्के की महंगाई से दूध, अंडे और चिकन महंगे होने के आसार
दिल्ली की यमुना के पाँच प्रदूषित इलाके, DPCC रिपोर्ट में खुलासा
मक्के की महंगाई से दूध, अंडे और चिकन महंगे होने के आसार
