- बस्ती में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
- बहराइच में चोर से मुठभेड़, सोना बरामद
- हरदोई में मुठभेड़ के बाद चार बदमाश दबोचे
- चार जिलों में पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
नया लुक संवाददाता
Lucknow: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। STF और जिला पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में बलिया, बस्ती, हरदोई और बहराइच में बड़ी सफलता हाथ लगी है। यूपी पुलिस को लगातार परेशानियों से बचाने के लिए बनी STF की टीम ने एक बार फिर खुद को साबित किया। STF की इन कार्रवाइयों के चलते अपराधियों के हौंसले पस्त हो रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बलिया में 50 हजार के इनामी गैंगस्टर को गुजरात से पकड़ना STF की बड़ी कामयाबी है। वहीं बस्ती में 25 हजार के इनामी की गिरफ्तारी हुई।
हरदोई में लूट के चार आरोपी पकड़े गए तो बहराइच में 25 मुकदमों वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस फरार और वांछित अपराधियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है। अब गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों और न्यायालयों के माध्यम से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस महानिदेशक की जारी विज्ञप्ति के अनुसार बलिया में गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को STF ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है।
वहीं बस्ती में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को चोरी की प्रिंटर मशीन के साथ पकड़ा गया है। हरदोई में लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। इसके अलावा बहराइच में चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया है। चारों जिलों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, आभूषण और अवैध असलहे बरामद किए हैं।
सूरत में छिपा था बलिया का 50 हजार का इनामी, STF ने दबोचा
बलिया पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने गैंगस्टर एक्ट के वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल को उत्तर प्रदेश STF ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली और गुजरात में छिपकर रह रहा था। STF ने 11 नवंबर 2026 को सूरत के पण्डेसरा थाना क्षेत्र स्थित अशापुरी-2, लक्ष्मी नगर, बड़रौली रोड से दोपहर करीब 12:15 बजे उसे गिरफ्तार किया।
ये भी पढें
केंद्रीय मंत्री ने जारी किया तीन डिजिटल प्लेटफॉर्म, जानकर आप भी रह जाएंगे दंग
गिरफ्तार अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल पुत्र सतेन्द्र प्रसाद बलिया जिले के सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट रूद्रवार का निवासी है। उसके खिलाफ थाना नगरा में मुकदमा संख्या 193/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3(1) में मुकदमा दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। STF को फरार और इनामी अपराधियों के संबंध में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में टीम अभिसूचना संकलन कर रही थी। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुन्ना गोड़ सूरत के पण्डेसरा इलाके में मौजूद है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए STF टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपनी बुआ के लड़के मुन्ना और पवन खरवार के साथ बलिया में कैटरिंग, वेटर और ऑटो चलाने का काम करता था। इसी दौरान उसने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की थी। मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में पवन खरवार पकड़ा गया था। उसकी निशानदेही पर मुन्ना गोड़ के पास से भी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई थी।
इस कार्रवाई में कुल पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद होने की बात सामने आई। अभियुक्त को 31 मई 2026 को मऊ जिला कारागार में निरुद्ध किया गया था। करीब दो महीने बाद जमानत पर बाहर आने के पश्चात गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित होने के कारण वह दिल्ली और गुजरात में छिपकर रहने लगा। उसके खिलाफ बलिया के नगरा और कोतवाली थानों में चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। STF ने आरोपी को सूरत में स्थानीय न्यायालय के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की है, जिसके बाद उसे बलिया भेजा जा रहा है।
बस्ती में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, चोरी की प्रिंटर मशीन बरामद
बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त हरिओम उर्फ अभय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की प्रिंटर मशीन भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, हरिओम उर्फ अभय थाना कप्तानगंज में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए जनपद स्तर से 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
13 नवंबर 2026 को कप्तानगंज पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पूरे काशीराम, थाना छावनी, जनपद बस्ती का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ बस्ती और लखनऊ कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल कप्तानगंज पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

हरदोई में मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार, 1.45 लाख रुपये और तमंचा बरामद
हरदोई जिले में कोतवाली देहात पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने लूट की एक घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात पुलिस टीम नयागांव मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विजेन्द्र नाम का आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से विजेन्द्र के साथ शोभित, अंकुल और गंगेव को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर लूट की घटना से संबंधित 1 लाख 45 हजार 730 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद किया है। तमंचे के साथ जीवित और खोखा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
घटना के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों से बरामद नकदी को इसी लूट की घटना से संबंधित बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में विजेन्द्र और अंकुल ग्राम रिक्खापुरवा, थाना कोतवाली देहात के निवासी हैं। शोभित ग्राम उतरा, थाना हरियावां और गंगेव भी ग्राम रिक्खापुरवा का निवासी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बहराइच में चोरी के आरोपी से मुठभेड़, 14,500 रुपये और आभूषण बरामद
बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में एक बदमाश मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बब्बू नाम का आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी बबया, थाना पयागपुर, जनपद बहराइच का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के सफेद धातु के आभूषण, 14 हजार 500 रुपये नकद और 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद किया है। तमंचे के साथ जीवित और खोखा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, पयागपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना हुई थी, जिसके संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार बब्बू के पास से बरामद आभूषण और नकदी उसी चोरी की घटना से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ बहराइच जिले के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 25 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पयागपुर पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
केंद्रीय मंत्री ने जारी किया तीन डिजिटल प्लेटफॉर्म, जानकर आप भी रह जाएंगे दंग
छठ महापर्व: सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद, DCP पूर्वी के निर्देश पर चला चेकिंग अभियान
मक्के की महंगाई से दूध, अंडे और चिकन महंगे होने के आसार
