Maize Price Hike: देश में मक्के की कीमतों में तेजी का असर अब आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। पशु आहार और पोल्ट्री फीड बनाने में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले मक्के के दाम बढ़ने से दूध, दही, पनीर, अंडे और चिकन जैसे उत्पादों की लागत भी बढ़ रही है। इसके पीछे कम उत्पादन के साथ इथेनॉल उद्योग की बढ़ती मांग को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
थोक बाजार में करीब एक महीने पहले 2,600 से 2,700 रुपये प्रति क्विंटल मिलने वाला मक्का अब लगभग 3,400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। पिछले साल इसी अवधि में इसका भाव करीब 1,800 रुपये प्रति क्विंटल था। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि मांग और आपूर्ति का यही अंतर बना रहा तो दिसंबर तक कीमत 4,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच सकती है।
दूध और डेयरी उत्पादों पर क्यों पड़ रहा असर?
दूध उत्पादन की लागत में पशु आहार की अहम भूमिका होती है। गाय और भैंस को दिए जाने वाले चारे में मक्के से तैयार पशु आहार का इस्तेमाल किया जाता है। मक्का महंगा होने से फीड बनाने वाली कंपनियों की लागत बढ़ गई है। इसका असर पशुपालकों पर पड़ रहा है।
जब पशुपालन की लागत बढ़ती है तो उसका असर दूध की कीमतों पर भी दिखाई देता है। हाल के दिनों में अमूल, मदर डेयरी और नंदिनी समेत कई कंपनियों के दूध और डेयरी उत्पादों के दाम बढ़ने की खबरें सामने आई हैं।

अंडे और चिकन भी हो रहे महंगे
पोल्ट्री उद्योग भी मक्के की बढ़ती कीमतों से प्रभावित है। मुर्गियों के लिए तैयार होने वाले पोल्ट्री फीड में मक्का प्रमुख कच्चा माल है। इसकी कीमत बढ़ने से मुर्गी पालन की लागत बढ़ जाती है। यही वजह है कि अंडे और चिकन के दामों में भी तेजी देखी जा रही है। मक्के से तैयार पशु आहार का इस्तेमाल भेड़ और बकरी पालन में भी होता है। ऐसे में इसकी महंगाई का असर मांस की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

कम उत्पादन से बढ़ी मक्के की कीमत
मक्के के दाम बढ़ने की एक प्रमुख वजह इस साल उत्पादन में आई कमी बताई जा रही है। खरीफ सीजन में फसल को नुकसान पहुंचने से उपज प्रभावित हुई। बिहार के मक्का उत्पादक इलाकों में फसल में भुट्टे आने के दौरान तेज आंधी के कारण कई जगह फसल जमीन पर गिर गई।
उत्पादन घटने से बाजार में उपलब्ध मक्के की मात्रा कम हुई और कीमतों पर दबाव बढ़ गया। हालांकि, बाजार में ऊंचे भाव मिलने का लाभ हर किसान को समान रूप से नहीं मिल रहा है। कई किसानों को फसल बेचते समय अपेक्षित कीमत नहीं मिल पाती।

इथेनॉल उद्योग की मांग ने बढ़ाया दबाव
मक्के की कीमतों में तेजी के पीछे इथेनॉल उत्पादन की मांग भी अहम कारण मानी जा रही है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने के लिए इसके उत्पादन की जरूरत बढ़ी है। इथेनॉल बनाने में मक्का और चावल जैसे अनाज का इस्तेमाल होता है।
धान की पैदावार और चावल की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण इथेनॉल निर्माता मक्के की ओर अधिक रुख कर रहे हैं। इससे पहले से कम आपूर्ति वाले बाजार में मक्के की मांग और बढ़ गई है। सरकार के ई-20 कार्यक्रम के तहत इथेनॉल की मांग भी इस बाजार पर असर डाल रही है।
क्या अमेरिका से मक्का आने पर घटेंगे दाम?
मक्के की घरेलू कीमतों को नियंत्रित करने के लिए अमेरिका से गैर-जेनेटिकली मॉडिफाइड (नॉन-जीएम) मक्का आयात किए जाने की संभावना की चर्चा है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता के संदर्भ में भी इस मुद्दे पर नजर रखी जा रही है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
मैसूर में PM ने की बुजुर्ग महिला की मदद
युवाओं में तेजी से बढ़ रहा डायबिटीज का खतरा, जानें पांच शुरुआती लक्षण
सबसे कम उम्र में T20 कप्तान बने वैभव सूर्यवंशी, 15 साल में हासिल की बड़ी उपलब्धि
