Varanasi: अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर सफलता हासिल करने वाले आईएएस अधिकारी हिमांशु नागपाल एक बार फिर चर्चा में हैं। उत्तर प्रदेश कैडर के 2019 बैच के IAS अधिकारी हिमांशु नागपाल वर्तमान में वाराणसी नगर निगम में म्युनिसिपल कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। उनके नेतृत्व और प्रयासों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। खास बात यह है कि हिंदी माध्यम से पढ़ाई करने वाले हिमांशु ने महज 22 वर्ष की उम्र में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया था।
काशी को राष्ट्रीय स्तर पर दिलाया सम्मान
वाराणसी नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी के तहत देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा PM सूर्य घर योजना के इंस्टॉलेशन के मामले में भी वाराणसी ने उपलब्धि दर्ज की। इस श्रेणी में शहर को उत्तर प्रदेश में दूसरा और देशभर में 10वां स्थान मिला।
इन उपलब्धियों के लिए वाराणसी नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। म्युनिसिपल कमिश्नर हिमांशु नागपाल ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया। स्वच्छता, नदी संरक्षण और शहरी विकास के क्षेत्र में काशी की इस उपलब्धि को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

द्रौपदी मुर्मु
हरियाणा के साधारण परिवार से आते हैं हिमांशु नागपाल
हिमांशु नागपाल मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले के हांसी क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनका परिवार साधारण पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उनकी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से हुई। पांचवीं कक्षा तक उन्होंने सरकारी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उनका दाखिला निजी स्कूल में कराया गया, लेकिन उन्होंने 12वीं तक हिंदी माध्यम से ही पढ़ाई जारी रखी।
हिंदी माध्यम से पढ़ने के बावजूद उन्होंने पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन किया। दसवीं कक्षा में 80 प्रतिशत और 12वीं में 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज में दाखिला लिया और बीकॉम ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की।

पिता के सपने को पूरा करने के लिए शुरू की UPSC की तैयारी
हिमांशु नागपाल की जिंदगी में कई ऐसी मुश्किलें आईं, जिन्होंने उन्हें अंदर तक प्रभावित किया। जब वह हंसराज कॉलेज में दाखिला लेने पहुंचे थे, तब उनके पिता ने कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर टॉपर्स की सूची देखकर इच्छा जताई थी कि एक दिन उनके बेटे का नाम भी इसी सूची में होना चाहिए।
लेकिन कुछ समय बाद एक हादसे में हिमांशु ने अपने पिता को खो दिया। इस दुख से वह उबर भी नहीं पाए थे कि उनके बड़े भाई का भी अचानक निधन हो गया। लगातार दो पारिवारिक दुखों ने उन्हें काफी प्रभावित किया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने पिता के सपने को पूरा करने का संकल्प लिया।
22 साल की उम्र में हासिल की UPSC में 26वीं रैंक
हिमांशु नागपाल ने पूरी मेहनत और लगन के साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की। वर्ष 2018 की UPSC परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 26 हासिल की। उस समय उनकी उम्र महज 22 वर्ष थी। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने IAS अधिकारी बनने का सपना पूरा किया। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों, साधारण परिवारों और हिंदी माध्यम से पढ़ाई करके सिविल सेवा में जाने का सपना देखते हैं।
वाराणसी में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं
IAS बनने के बाद हिमांशु नागपाल ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाईं। वह कानपुर और जौनपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात रहे। इसके बाद सितंबर 2022 से वाराणसी में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के रूप में काम किया।
इस दौरान उन्होंने कौशल विकास, आजीविका मिशन और पोषण से जुड़े कार्यक्रमों पर काम किया। उनका ‘मिशन मुस्कान’ भी काफी चर्चित रहा, जिसके तहत सड़कों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भटकने वाले बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने का प्रयास किया गया।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, यहां बनेगा तो देश विदेश में मांग खुद बढ़ेगी: मुख्यमंत्री
RBI का नया नियम: बिना बैंक खाते के भेजें ₹50,000, जानें नई लिमिट
नगरा में 250 kVA ट्रांसफार्मर में लगी आग, टला बड़ा हादसा
