आशुतोष मिश्रा
संतकबीरनगर । संतकबीर नगर के महुली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महुली-बस्ती मार्ग पर ग्राम देईसाड के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर पास की दीवार से जा भिड़ी, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान संजय पुत्र सर्वजीत राजभर, निवासी ग्राम परसौना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजय दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से बाइक लेकर लालगंज थाना क्षेत्र के पाकड़ डांड स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। जैसे ही वह देईसाड के पास पहुंचा, अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि संजय को सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
