New Delhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) परिसीमन को हथियार बनाकर लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 कर निर्वाचन क्षेत्रों को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार बदलते हुए विपक्षी दलों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व को प्रभावित करना चाहती है।
राहुल ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि BJP पहले से ही चुनावों में वोट चोरी कर रही है और अब उसने इसके लिए नया रास्ता निकालने की योजना बनायी है। लोकसभा की सीटें 850 करना लोकतंत्र को खत्म करने की BJP की योजना का प्रतीक है और इससे उसे देश के निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा अपनी सुविधा के अनुसार फिर से तैयार करने की व्यापक छूट मिल जायेगी।
उन्होंने कहा, “BJP अभी भी चुनावों में धांधली कर सकती है, लेकिन अब देश जानता है कि चुनावों में धांधली हो रही है। हमारे सर्वेक्षण के अनुसार देश के 80 प्रतिशत लोग और लगभग 100 प्रतिशत जेनरेशन जेड का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव चोरी करते हैं और अब उन्होंने बच निकलने का नया रास्ता तलाश किया है।”

गांधी ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदान कर चुके 14 करोड़ मतदाताओं को अब अयोग्य बताते हुए मतदाता सूची से हटा दिया है। उन्होंने सवाल किया कि यदि निर्वाचन आयोग के अनुसार ये मतदाता अस्तित्व में ही नहीं थे अथवा मतदान के पात्र नहीं थे तो 2024 का लोकसभा चुनाव वैध कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से इस सवाल का जवाब मांगा है लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।

राहुल ने परिसीमन की प्रस्तावित व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी लोकसभा में 543 सीटें हैं और BJP इन्हें बढ़ाकर 850 करना चाहती है। उन्होंने कहा कि 543 सीटों के भीतर भी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करके राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा सकती है लेकिन 850 सीटें करने से BJP को कहीं अधिक बड़ा अवसर मिल जायेगा। इससे वह अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों को तोड़ने, जोड़ने, मतदाताओं को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरित करने और विपक्षी नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों की संरचना बदलने में सक्षम होगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक निर्वाचन क्षेत्र में 26 लाख और दूसरे में 19 लाख मतदाता हैं।
उन्होंने असम के निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ क्षेत्रों के हिस्से भौगोलिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े हुए भी नहीं हैं। उनके अनुसार, निर्वाचन क्षेत्रों की ऐसी संरचना BJP के राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गयी है और इसी तरह देश के अन्य हिस्सों में भी किया जा सकता है।
गांधी ने कहा कि परिसीमन का सवाल केवल लोकसभा में राज्यों की सीटों के हिस्से को स्थिर रखने का नहीं है बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद और सामाजिक न्याय से जुड़ा है। उनका कहना था कि BJP 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करना चाहती है, जबकि कांग्रेस का मानना है कि इसके लिए 2027 की नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि नयी जनगणना से अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की आबादी में वृद्धि सहित कई ऐसे तथ्य सामने आयेंगे, जिन्हें BJP सामने नहीं आने देना चाहती। श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि परिसीमन नवीनतम जनगणना के आधार पर हो, राज्यों के लोकसभा में मौजूदा हिस्से में कोई बदलाव नहीं किया जाए और महिला आरक्षण को 850 सीटों से जोड़ने के बजाय मौजूदा 543 सीटों पर लागू किया जाये। उन्होंने कहा कि परिसीमन आयोग के गठन और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर सवाल हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था BJP को निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा नये सिरे से तैयार करने की खुली छूट देगी। उन्होंने कहा कि BJP एक दशक से अधिक समय से देश को यह विश्वास दिलाने की कोशिश कर रही है कि वह वैध तरीके से चुनाव जीत रही है, जबकि कांग्रेस के अनुसार ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर पर्याप्त जानकारी जुटायी है और वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका से जुड़े तथ्यों को भी सामने लायेगी।
राहुल ने कहा, “हमने मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार को घेर लिया है। ज्ञानेश के बारे में हमारे पास पर्याप्त जानकारी है और वह बचकर नहीं निकल पायेंगे। BJP देश को तानाशाही की ओर ले जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।” कांग्रेस नेता ने ‘जेन जे’ को संबोधित करते हुए कहा “मोदी सरकार देश के युवा के भविष्य को बर्बाद करना चाहती है, देश के युवाओं की रोजगार को खत्म करना चाहती है, लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है लेकिन हम इनको छोड़ेंगे नहीं और आप जेन जे की ऊर्जा का इसके लिए पूरा इस्तेमाल किया जायेगा।”
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
भाग्य, समृद्धि और शांति के प्रतीक हैं हथेली पर बने चतुर्भुज
रविवार को ग्रहों का कैसा रहेगा प्रभाव, जानें 12 राशियों का भविष्यफल
निर्वाण पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज का महाप्रयाण
