
पूर्वी तराई की घटनाओं के बीच नेपाल पुलिस के आईजी ने शांति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का किया आह्वान
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
Kathmandu, Nepal! पूर्वी तराई के कुछ क्षेत्रों में धार्मिक सौहार्द प्रभावित होने और भय का माहौल बनने की घटनाओं के बीच पुलिस महानिरीक्षक दान बहादुर कार्की ने देशवासियों से शांति, संयम और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नेपाल विविधता में एकता की गौरवशाली परंपरा वाला देश है, जहां धर्म, भाषा, जाति और संस्कृति की विविधता के बावजूद लोग सदियों से आपसी सम्मान और सहिष्णुता के साथ रहते आए हैं।
ये भी पढ़ें
श्री कार्की ने अपने संदेश में कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना, भड़काऊ टिप्पणियां करना या कानून का उल्लंघन करना किसी के हित में नहीं है। ऐसे कृत्य समाज में तनाव, अविश्वास और विभाजन को बढ़ावा देते हैं। इसलिए सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों और नफरत फैलाने वाली बातों से दूर रहें तथा विवेक और संयम का परिचय दें।
उन्होंने कहा कि सभी धर्मों, संस्कृतियों और आस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। भले ही लोगों की धार्मिक मान्यताएं और परंपराएं अलग-अलग हों, लेकिन देश एक है और सभी की राष्ट्रीय भावना भी एक ही है।
श्री कार्की ने सभी नेपाली नागरिकों से सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने तथा एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा और आस्था का सम्मान करने की अपील करते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया।


One thought on “नेपाल के IGP दान बहादुर कार्की की अपील, बोले- अफवाहों से रहें दूर, बनाए रखें सामाजिक सौहार्द”
Comments are closed.