कोलंबो/जाफना। श्रीलंका के उत्तरी क्षेत्र जाफना के पास स्थित चेम्मनी इलाके में कथित सामूहिक कब्रगाह से लगातार मानव कंकाल मिलने का सिलसिला जारी है। खुदाई के तीसरे चरण में अब तक कुल 249 नर कंकाल बरामद किए जा चुके हैं। इस खुलासे ने एक बार फिर श्रीलंका में लिट्टे संघर्ष के दौर की भयावह यादों को ताजा कर दिया है। मानवाधिकार मामलों के वकील रनीथा ज्ञानराजा ने बताया कि मंगलवार तक खुदाई के दौरान नौ नए कंकाल मिले हैं। इसके अलावा कुछ सिक्के और एक आभूषण जैसा दिखने वाला टुकड़ा भी बरामद हुआ है। इन वस्तुओं को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
लिट्टे संघर्ष के दौर से जुड़ा है मामला
चेम्मनी का यह इलाका 1990 के दशक में लिब्रेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) और श्रीलंकाई सरकारी बलों के बीच हुए भीषण संघर्ष के दौरान चर्चा में आया था। उस समय हजारों लोगों के लापता होने और गुप्त हत्याओं के आरोप लगे थे। माना जाता है कि यह सामूहिक कब्र उसी दौर की हो सकती है। दरअसल, पिछले साल सितंबर में धन की कमी के कारण खुदाई रोक दी गई थी। लेकिन श्रीलंका की अदालत ने हाल ही में दोबारा खुदाई शुरू करने का आदेश दिया। इससे पहले 13 फरवरी 2025 को विकास कार्यों के दौरान यहां कुछ मानव कंकाल मिले थे, जिसके बाद अदालत ने न्यायिक जांच के आदेश दिए। 15 मई से न्यायिक निगरानी में खुदाई का पहला चरण शुरू हुआ था। दूसरे चरण की 45 दिनों तक चली खुदाई में 240 कंकाल मिले थे, जबकि तीसरे चरण में अब तक नौ और शव बरामद किए जा चुके हैं।
1998 में भी मिले थे कंकाल
चेम्मनी पहली बार 1998 में सुर्खियों में आया था, जब यहां करीब 15 मानव कंकाल मिले थे। उस समय भी यह आशंका जताई गई थी कि ये शव संघर्ष के दौरान मारे गए लोगों के हो सकते हैं। अब एक बार फिर बड़ी संख्या में कंकाल मिलने से पूरे मामले की गंभीरता बढ़ गई है। लगातार मिल रहे नर कंकालों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञ अब DNA परीक्षण और फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये शव किन लोगों के हैं और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई थी। मानवाधिकार संगठनों ने मामले की निष्पक्ष और अंतरराष्ट्रीय निगरानी में जांच की मांग की है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews

One thought on “श्रीलंका की सामूहिक कब्र से निकले 249 नर कंकाल, लिट्टे संघर्ष से जुड़ा बड़ा रहस्य”
Comments are closed.