लखनऊ। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, यह धमकी एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल के जरिए दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बताया जा रहा है कि 18 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे मंत्री से जुड़े मोबाइल नंबर पर 7797623577 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अज्ञात रखते हुए सीधे मंत्री को जान से मारने की धमकी दी और MP5 जैसे हथियार का जिक्र करते हुए हमला करने की बात कही।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
शिकायत में क्या कहा गया?
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने फोन के साथ-साथ व्हाट्सएप पर भी कई आपत्तिजनक संदेश भेजे। इन संदेशों में मंत्री जी का सरकारी टूर प्रोग्राम साझा किया गया था, जिस पर “गोली मार दो” जैसा खतरनाक संदेश लिखा हुआ था। इतना ही नहीं, आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए लोकेशन और वॉयस मैसेज भी भेजे, जिनमें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। जब उसी नंबर पर दोबारा संपर्क किया गया, तो आरोपी ने कहा कि यह जानकारी उसे “ऊपर से” मिली है।
ये भी पढ़ें
आवास की रेकी का भी शक
शिकायत में एक और चौंकाने वाला खुलासा किया गया है। बताया गया है कि मंत्री जी के आवास के पिछले गेट की कोई अज्ञात व्यक्ति निगरानी कर रहा है। लगभग तीन दिन पहले रात 9 से 10 बजे के बीच एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार, जिसके शीशे काले थे, काफी देर तक कोठी के पास खड़ी रही। आरोप है कि उसमें सवार लोग लगातार गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
ये भी पढ़ें
पूर्व मंत्री की शिकायत पर भी नहीं हुई भ्रष्टाचारी अफसर के खिलाफ कार्रवाई!
पुलिस में शिकायत, जांच शुरू
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई है और मोबाइल पर मिले सभी सबूत भी जांच एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
कौन हैं जयंत चौधरी?
47 वर्षीय जयंत चौधरी वर्तमान में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वर्ष 2024 से वे केंद्र सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और राज्य मंत्री शिक्षा के रूप में कार्यरत हैं।
