पश्चिम बंगाल की कोलकाता राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया। शनिवार को शहर में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसके दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी के आरोप लगाए। इस घटना में राज्य की मंत्री शशि पेना के घायल होने की भी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक घटना गिरीश पार्क इलाके में हुई, जहां दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले बहस हुई और फिर देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद कुछ लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
ये भी पढ़ें
कानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी बस ट्रेलर से टकराई, चालक की मौत
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री शशि पांजा के घर के पास पहुंचकर पथराव किया। वहीं भाजपा का कहना है कि उनके कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की रैली में शामिल होने के लिए जुलूस निकाल रहे थे, तभी तृणमूल समर्थकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की और उन पर पत्थरबाजी की। इस झड़प के दौरान मंत्री शशि पांजा घायल हो गईं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उन पर ईंट से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हिंसा का सहारा ले रहे हैं और राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें
उत्तर कोरिया का बड़ा सैन्य परीक्षण, किम जोंग उन ने समुद्र की ओर दागीं 10 मिसाइलें
दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने भी तृणमूल पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के कार्यकर्ता रैली में जाने वाले समर्थकों को रोक रहे थे और पुलिस इस मामले में निष्क्रिय बनी हुई थी। दरअसल, यह विवाद उस समय हुआ जब भाजपा की ओर से निकाली जा रही “परिवर्तन यात्रा” के समापन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी रैली आयोजित की जा रही थी। यह यात्रा राज्य के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए करीब 50 हजार किलोमीटर का सफर तय करने के बाद समाप्त हुई है। भाजपा का कहना है कि इस रैली के माध्यम से पार्टी पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति तय करेगी। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर राज्य में राजनीतिक तनाव पैदा करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने का दावा किया है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घटना की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
