उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध में चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के ओगल भट्टा इलाके में शनिवार को एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले छात्र और छात्रा के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार घायल युवक 21 वर्ष का है और वह उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला है। वहीं युवती भी 21 वर्ष की है और देहरादून की निवासी है। दोनों क्लेमेंटटाउन के एक निजी संस्थान में MCA प्रथम वर्ष के छात्र हैं और लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे।
जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ समय से दोनों के बीच रिश्तों में तनाव चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती हाल ही में किसी अन्य युवक के संपर्क में थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा था। शनिवार को युवती इसी मुद्दे पर बातचीत करने के लिए ओगल भट्टा स्थित युवक के कमरे पर पहुंची थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन धीरे-धीरे बहस तेज हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने आपा खो दिया और रसोई में रखा चाकू उठा लिया।
ये भी पढ़ें
पीएम मोदी ने ओम बिरला की तारीफ करते हुए कहा-उत्पाती छात्रों को संभालना जानते हैं
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
गुस्से में दोनों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान कमरे से चीख-पुकार की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में युवती की गर्दन पर गंभीर चोट आई थी। डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं युवक भी घायल है लेकिन खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और घटना की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें
धनघटा तहसील बार का सख्त फैसला: बिना पंजीकरण वकालत करने वालों को 14 मार्च तक का समय
