बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री Nitish Kumar राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो राज्य में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो सकता है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की मौजूदगी में नामांकन कर सकते हैं और उसके बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा भी दे सकते हैं।
बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे नित्यानंद राय का नाम बताया जा रहा है। वे उजियारपुर से सांसद हैं और केंद्र सरकार में गृह राज्य मंत्री हैं। यादव समाज से आने वाले नित्यानंद राय को सामाजिक समीकरण साधने के लिहाज से मजबूत विकल्प माना जा रहा है। इसके अलावा मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम भी चर्चा में है।
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। वे जेडीयू की सदस्यता लेकर डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने संकेत दिया है कि निशांत की राजनीति में एंट्री तय है और पार्टी नेतृत्व उचित समय पर निर्णय लेगा।
जानकारी यह भी है कि राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति में भी नीतीश कुमार 9 अप्रैल तक मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं। इस दौरान एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।
अगर यह बदलाव होता है तो बिहार की राजनीति में यह ऐतिहासिक क्षण होगा, जब बीजेपी पहली बार राज्य में अपने नेतृत्व में सरकार चलाएगी।
