नया लुक ब्यूरो
रांची/चतरा। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस मंगलवार को चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करम टांड़ जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान का एटीसी से संपर्क टूट गया था और वह रडार से गायब हो गया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धमाके के साथ विमान घने जंगल में जा गिरा। उनके अनुसार विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है और शव मलबे के अंदर पड़े हैं।
विमान में एक गंभीर मरीज, उनके परिजन, एक डॉक्टर, एक मेल नर्स और क्रू मेंबर्स सहित कुल 7 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। दुर्गम और जंगली इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। हालांकि अभी तक प्रशासन ने सभी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को सूचित कर दिया गया है। आधिकारिक बयान का इंतजार है।
