- नागिन बनकर प्रेमी के साथ अपनी मर्जी से फरार हुई थी रीना
औरैया। जिले से सामने आई “नागिन बनने” की सनसनीखेज खबर का सच अब सामने आ गया है। थाना फफूंद क्षेत्र के गांव सींगनपुर से लापता हुई 20 वर्षीय युवती रीना का मामला किसी रहस्यमयी घटना का नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग का निकला।
बीते दिनों रीना के अचानक गायब होने के बाद उसके बिस्तर पर करीब पांच फुट लंबी सांप की केचुली, कुछ गहने और कपड़े मिलने से गांव में हड़कंप मच गया था। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैल गई कि रीना नागिन बनकर चली गई है और अपनी इंसानी खाल छोड़ गई है। परिजनों ने भी रीना के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई थी।
ये भी पढ़े
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि यह पूरा मामला प्रेम संबंध से जुड़ा है। रीना ने अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ घर छोड़ा और दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली। रीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर कहा कि उन्हें और उनके पति को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मेरी शादी मेरी पूरी रजामंदी से हुई है। मैंने खुद शादी करने का फैसला लिया था और इसमें किसी तरह का दबाव नहीं है। रीना ने अपने दावे के समर्थन में शादी की तस्वीरें भी वीडियो में दिखाई हैं। रीना ने प्रशासन और समाज से अपील की है कि उन्हें और उनके पति को मानसिक रूप से परेशान न किया जाए। उनके इस वीडियो बयान के सामने आने के बाद गांव में फैली तमाम अफवाहों पर विराम लग गया है।
