- बीयर की दुकान में चोरी कर चल रहा था फरार, यमुनानगर हरियाणा से दबोचा
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर बीयर की दुकान में धावा बोलकर चोरी करने के बाद फरार चल रहे पचास हजार के इनामी बदमाश गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र स्थित काली सिंह पुरवा गांव निवासी रितिक उर्फ बिल्लू को यूपी एसटीएफ ने शनिवार को हरियाणा राज्य के राजावाला बाग देवी भवन मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश हरियाणा राज्य में छिपकर रह रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार दीक्षित के मुताबिक पकड़ा गया अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है और यह गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि फरार चल रहे इनामी बदमाश की तलाश में उनकी टीम जुटी हुई थी कि इसी दौरान पता चला कि इनामी गैंगस्टर हरियाणा राज्य के शहर जगधारी यमुनानगर में छिपकर रह रहा है। इस सूचना पर एसटीएफ टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को धरदबोचा। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक पकड़े गए इनामी बदमाश रितिक उर्फ बिल्लू ने बताया कि वह अपने साथियों मलखान सिंह, जाकिर, रिजवान, सनी, योगेश व अंकित के साथ मिलकर लक्ष्मन पुरवा डेहरास में कम्पोजिट बियर की दुकान में सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
