लखनऊ। DCP पूर्वी शशांक सिंह के निर्देश पर थाना गाजीपुर में तैनात अंतरिक्त इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह को थाना इंदिरा नगर की औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति हाल ही में इंदिरा नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी के लाइन हाजिर होने के बाद की गई है, जिसके चलते थाना प्रभारी का पद रिक्त चल रहा था। अजय नारायण सिंह एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी माने जाते हैं। इससे पहले वे थाना कैसरबाग, बाजार खाला और थाना बीबीडी (BBD) सहित कई थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत किया और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया।
अब इंदिरा नगर थाना क्षेत्र में उनके सामने कई अहम चुनौतियां होंगी। खासकर रात के समय होने वाली चोरी की घटनाएं, जमीन से जुड़े विवाद, देर रात अवैध रूप से चलने वाले डंपर, अवैध कारोबार और युवाओं में बढ़ती बदमाशी जैसे मामलों पर नियंत्रण पाना प्राथमिकता रहेगी। पुलिस महकमे को उम्मीद है कि अजय नारायण सिंह अपनी मेहनत, लगन और अनुभव के दम पर इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटेंगे और इंदिरा नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
