- दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को निखारने में योगदान दे शिक्षक : चंद्र भूषण पाण्डेय
- दिव्यांग बच्चों में एक दूसरे के प्रति सहयोग की भावना हो ऐसा माहौल अपने कक्ष में तैयार करें शिक्षक : चक्रधर द्विवेदी
महराजगंज। ब्लॉक संसाधन केंद्र घुघली के प्रशिक्षण हाल में सोमवार से समेकित शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से नोडल शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण में कुल 75 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण पाण्डेय ने मां सरस्वती के तस्वीर पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण पाण्डेय ने कहा कि यह प्रशिक्षण समेकित शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों में अलग से विशेष प्रतिभाएं छिपी होती हैं जिनके बाहर निकलने पर दिव्यांग उस क्षेत्र में विशेष तौर पर पारंगत होते हैं। प्रशिक्षण के जरिए हम लोग दिव्यांगों के बारे में बारीक तौर पर जानकारी कर उनको अच्छी तरह से शिक्षित कर उनकी प्रतिभाओं को निखारने में योगदान दे सकते हैं।
मास्टर ट्रेनर चक्रधर द्विवेदी ने बताया कि सामान्य जीवन में सभी बच्चे एक साथ शिक्षा ग्रहण करें और बच्चों में एक दूसरे के प्रति सहयोग की भावना हो ऐसा माहौल शिक्षक अपने कक्ष में तैयार करें। इस दौरान स्पेशल एजुकेटर घनश्याम यादव, समस्त एआरपी शिक्षक प्रशांत पाण्डेय, महेश पाल, पंकज मौर्या, ईस्तखार अहमद, नूर आलम, वंदना सविता, प्रशांत सिंह आदि शिक्षक मौजूद रहे।
