जम्मू-कश्मीर। भारी बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण मंगलवार को जम्मू–श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया, जिससे कश्मीर घाटी का शेष देश से सड़क संपर्क टूट गया। मौसम की खराब स्थिति का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कुल 58 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिनमें 29 आगमन और 29 प्रस्थान की उड़ानें शामिल हैं। उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़े
गणतंत्र दिवस पर थाना में पत्नी संग नाचने वाले इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच शुरू
सड़क और हवाई संपर्क बाधित होने के चलते आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं और सशस्त्र बलों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम में सुधार होते ही यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
