- दिल्ली एनसीआर में करते थे मादक पदार्थ की सप्लाई
- टीम को इनके पास से 70 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा, दो मोबाइल फोन
- आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एक श्रम कार्ड, एक ट्रक व 1,117 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। ANTF यूनिट मेरठ की टीम ने काफी दिनों से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा कर गुरुवार चालीस लाख रुपए के गांजे के साथ कानपुर जिले से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 70 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, श्रम कार्ड, ट्रक व 1,117 रुपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद अवैध गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत चालीस लाख रुपए के करीब बताई जा रही है।
ANTF टीम के उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम को गांजा तस्करी की सूचना मिली। कानपुर जिले के मलावन टोल प्लाजा के पास दो तस्कर ट्रक में अवैध गांजा लादकर सप्लाई करने जा रहे हैं। इस सूचना पर थाना भवन के सहयोग से ANTF टीम मौके पर पहुंची और ट्रक सहित दो तस्करों को धरदबोचा। ANTF के उपनिरीक्षक के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम विवेक व ओपेन्द्र बताया और दोनों आरोपी मैनपुरी जिले के बिछवा थाना क्षेत्र स्थित संतोष पुर गांव के रहने वाले हैं। उपनिरीक्षक का कहना है कि पूछताछ में पकड़े गए दोनों तस्करों ने बताया कि ये लोग उड़ीसा और बिहार राज्य में ट्रक में लादकर गांजा दिल्ली के एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते हैं।
