नया लुक संवाददाता
लखनऊ। क्या आप का घर साफ नहीं है। क्या आपके घर में हमेशा दुर्गंध बनी रहती है। क्या आपके घर में पुराने कारपेट, फफूंद लगी दीवारें, पालतू जानवर, डस्टबिन का अच्छी तरह इस्तेमाल नहीं होता। क्या आप कपड़ों को धूप में सही तरह नहीं सुखाते। यदि इस सभी सवालों का जवाब हां है तो आपके घर में दुर्गंध की समस्या जरूर है। कई बार ऐसा होता है कि घर तो साफ है, लेकिन दुर्गंध आप को परेशान करती है। बाजार में तरह-तरह के स्प्रे हैं, जो दुर्गंध को आसानी से हटा देते हैं, लेकिन इन का नियमित उपयोग सही नहीं होता। ऐसे में अरोमायुक्त कैंडल, धूप और अगरबत्तियां आप को दुर्गंध से बचा सकती हैं, जिसे चिकित्सा विज्ञान सही विकल्प जरूर बताता है। लेकिन उसमें भी कुछ सावधानियों की जरूरत होती है। दिल्ली के इंटीरियर डिजाइनन अमित वर्मा बताते हैं कि पहले इंटीरियर के लिए लकड़ी का फर्नीचर ट्रैंड में था, जिसे बीच-बीच में पॉलिश करवाना पड़ता था, लेकिन आजकल लैमिनेट फर्नीचर अधिक चलता है, जिसे साफ करना आसान होता है और उस में नमी भी अधिक जमा नहीं होती, जिस से किसी प्रकार की स्मैल नहीं आती। यदि संभव हो तो फर्नीचर बदल डालिए, नहीं तो उसे पॉलिश करवा लीजिए।
ये भी पढ़े
क्या आपका फोन स्मार्ट है? यदि हां तो इसे हैक होने से ऐसे बचाएं
दुर्गंध भगाने के टिप्स
- घर में वैंटिलेशन ठीक कराएं। घर के खिड़की-दरवाजों को ऐसे खोलें ताकि क्रॉस वैंटिलेशन हो सके और स्मैल घर से निकल जाए।
- कारपेट को फ्रैश बनाने के लिए उस पर रोजाना प्रयोग में लाने वाले पाउडर का छिड़काव कर वैक्यूम क्लीनर से साफ करें. इस से कारपेट साफ होने के साथसाथ महकेगा भी।
- सुगंधयुक्त अगरबत्तियां, पौटपूरी, स्प्रे आदि का प्रयोग कमरों में ही करें, इन का किचन में प्रयोग न करें।
- कपड़ों की दुर्गंध को हटाने के लिए फैब्रिक रिफ्रैशर का प्रयोग करें। ऐसा करने से कपड़े मुलायम भी रहते हैं।
- कपड़ों, बाथरूम आदि जगहों पर फिनाइल की गोलियों का प्रयोग करने से दुर्गंध कम हो जाती है।
कुछ घरेलू नुस्खें आजमाएं
- अलमारी में नीम की पत्तियां रखें, ऐसा करने से कपड़ों से फफूंद की दुर्गंध दूर हो जाएगी।
- नीबू को दो टुकड़ों में काट कर एक कटोरी में रख कर घर के किसी कोने में रखें।
- कपूर को प्लेट में रख कर जला लें और घर के खिड़की-दरवाजे बंद रखें। कपूर के पूरी तरह जल जाने के बाद खिड़की दरवाजे खोल दें।
- मनपसंद फूल की पंखुडि़यों को थोड़े पानी में उबाल लें। ऐसा करने पर उन की महक पूरे घर में फैल जाएगी। फूलों के अलावा संतरे के छिलके, दालचीनी के टुकड़ों, लौंग आदि का भी प्रयोग किया जा सकता है।
