- पुलिस को मौके से मिली रिवाल्वर व कारतूस खोखा
- सेक्टर एल कालोनी में हुई घटना का मामला
- खुदकुशी किए जाने की वजह साफ नहीं हो सकी, पुलिस पड़ताल में जुटी
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। कर्ज से तंग, कारोबार में घाटा या फिर कोई और वजह को लेकर जान देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। विकासनगर क्षेत्र के सेक्टर एल कॉलोनी में रहने वाले 36 वर्षीय प्रद्युम्न पाठक ने गुरुवार को कमरा बंद कर खुद को गोली मारकर जान दे दी। उसका खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कमरे में गोली चलने की सूचना आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़वाकर कमरे में दाखिल हुई तो देखा कि प्रदुम्न फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था और पास में रिवाल्वर पड़ी थी। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन की, लेकिन जान देने की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक इसकी सूचना घरवालों को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
मूल रूप से जौनपुर जिले के मड़ियांहू थाना क्षेत्र स्थित परसथ गांव पोस्ट बेलवा बाजार निवासी 36 वर्षीय प्रदुम्न पाठक विकासनगर के सेक्टर एल में यूपी पुलिस में एस आई की तैयारी कर रहे दिव्यांशु सिंह के मकान में रहते थे। बताया जा रहा है कि प्रदुम्न यहां अकेले रहते थे। गुरुवार को प्रदुम्न पाठक कमरे का दरवाजा बंद कर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक मौके से एक रिवाल्वर मिली है, इससे यही लग रहा है प्रदुम्न पाठक ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल की लेकिन जान देने की वजह साफ नहीं हो सकी है और न ही पता चला कि प्रदुम्न पाठक करते क्या थे। जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस का कहना है कि इसकी सूचना घरवालों को दे दी गई है।
