- तेज रफ्तार बाइक हादसे में एक गंभीर घायल
कानपुर जिले में घने कोहरे के बीच रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अरौल-पिहानी मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, इसी दौरान बाइक संतुलन खो बैठी और हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान पिहानी गांव निवासी रितिक (20) और रौनक के रूप में हुई है। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
