आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। बुधवार देर रात किरावली क्षेत्र में अभुआपुरा बिजली घर के सामने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें छह वाहन आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए, जबकि एक बस चालक का पैर कटने की सूचना है।
हादसा रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच हुआ, जब हाईवे पर अचानक दृश्यता बेहद कम हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक ट्रक ने आगे चल रहे वाहन को टक्कर मारी, जिसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। कुछ ही पलों में दो ट्रक, दो स्लीपर बसें और दो कारें आपस में फंस गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि कई वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। किरावली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, एक स्लीपर बस चालक हादसे में बुरी तरह फंस गया था, जिससे उसका पैर कट गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को धीरे-धीरे सुचारु कराया। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घने कोहरे के कारण यह दुर्घटना हुई है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि खराब मौसम में सावधानी बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और दृश्यता कम होने पर यात्रा टाल दें।
