- कानून-व्यवस्था की समीक्षा, पैदल गश्त और सीएम के संभावित आगमन स्थल का निरीक्षण”
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने गुरुवार को महराजगंज जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक में DIG ने जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए।

DIG ने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी और लव जिहाद जैसी गतिविधियों पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, दहेज हत्या, चोरी व वाहन चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया। उन्होंने बैंक व जनसेवा केंद्रों की नियमित चेकिंग, जमानत पर छूटे अपराधियों की निगरानी और बीट प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीआईजी ने मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वाड को और अधिक सक्रिय रखने तथा 1090, 112, 108 और UPCOP सेवाओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद DIG S. चन्नप्पा ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीणा के साथ कोतवाली नगर तिराहा क्षेत्र में पैदल गश्त की और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात वे थाना घुघली क्षेत्र पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए ग्राम जोगिया का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। जनपद आगमन पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीणा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर डीआईजी का स्वागत किया। बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
