उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महाराजगंज। जनपद महराजगंज के प्रतिष्ठित डिवाइन पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजन भव्य रूप से किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर विद्यालय के छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और हमें अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद से शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास होता है तथा विद्यार्थी जीवन में खेल अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल स्पर्धाएं जैसे-दौड़, लंबी कूद, रस्सा कूद, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल आदि का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा का स्वागत पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर किया गया तथा उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
