स्कॉर्पियो मांगी तो थमा दी प्लास्टिक की कार, लड़की वालों ने तोड़ा रिश्ता
Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ से दहेज प्रथा को लेकर एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां शादी के दौरान दहेज में स्कॉर्पियो कार मांगने का आरोप लगने पर लड़की वालों ने ऐसा जवाब दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लड़की पक्ष ने दूल्हे के पिता को प्लास्टिक की खिलौना कार थमाते हुए तंज कसा और शादी का रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लड़की पक्ष के लोग दूल्हे के पिता को खिलौना कार देते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें इंसान नहीं, बल्कि कार चाहिए थी। इसलिए उनकी मांग पूरी करते हुए स्कॉर्पियो दे दी गई है। इसके साथ ही लड़की पक्ष ने साफ कर दिया कि अब यह शादी नहीं होगी और सगाई में दिए गए सामान को भी वापस कर दिया गया है।
पांच महीने पहले तय हुआ था रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति के बेटे का रिश्ता करीब पांच महीने पहले परतापुर थाना क्षेत्र के एक परिवार की लड़की से तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों परिवारों की सहमति से सगाई की रस्म भी पूरी हुई थी। उस समय लड़की पक्ष की ओर से नकदी और अन्य सामान भी दिया गया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था और परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच शनिवार, 29 नवंबर को लड़की के घर पर लाल खत की रस्म आयोजित होनी थी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लड़के पक्ष के लोग लड़की वालों के घर पहुंचे थे।
जमीन बिकने के बाद कार मांगने का आरोप
लड़की पक्ष का आरोप है कि कुछ दिन पहले उनके परिवार की जमीन बिकी थी। इसकी जानकारी लड़के वालों को हुई तो उन्होंने दहेज में कार की मांग रख दी। बताया जा रहा है कि लड़के पक्ष की ओर से स्कॉर्पियो की मांग की गई थी। लड़की वालों ने इस मांग को लेकर आपत्ति जताई और समझाने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी।
इसके बाद लाल खत की रस्म के लिए लड़के पक्ष को घर बुलाया गया। आरोपों के मुताबिक, लड़के वाले सुबह से लड़की के घर मौजूद थे। समय गुजरता रहा और सुबह से दोपहर, फिर शाम और रात हो गई, लेकिन रस्म आगे नहीं बढ़ी।
खिलौना कार देकर रिश्ता खत्म करने का ऐलान
वायरल वीडियो में रात करीब 10 बजे का जिक्र करते हुए लड़की पक्ष के लोग कहते सुनाई देते हैं कि लड़के वाले सुबह से बैठे हैं। इसके बाद परिवार का एक सदस्य प्लास्टिक की खिलौना कार लेकर आता है और दूल्हे के पिता को सौंप देता है।
इस दौरान वह तंज कसते हुए कहता है कि जब उन्हें इंसान नहीं, बल्कि कार चाहिए थी तो यह कार ले जाइए और इसे चलाइए। लड़की पक्ष के लोगों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे अब यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ाना चाहते। सगाई में दिए गए सामान को वापस करने और शादी रद्द करने की बात भी वीडियो में कही गई है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
दिसंबर में कब-कब बंद रहेंगे बैंक? देखें पूरी लिस्ट
आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा, फिर भी प्रदर्शन जारी
परिसीमन बिल पर स्टालिन से मिलेंगे राहुल, चेन्नई पहुंचे विपक्षी नेता
