Meerut: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ इंडस्ट्रियल लॉजिस्टिक कॉरिडोर का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन के एल्युमिनियम पैकेजिंग प्लांट का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। करीब 2,913 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्लांट क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
यह अत्याधुनिक प्लांट मेरठ में हापुड़ रोड स्थित बिजौली में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे स्थापित किया जाएगा। इसके लिए करीब 16 हेक्टेयर जमीन निर्धारित की गई है। कंपनी की योजना अगले दो वर्षों के भीतर यहां उत्पादन शुरू करने की है। इस फैक्ट्री में कोल्ड ड्रिंक, बीयर और अन्य पेय पदार्थों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले एल्युमिनियम कैन तैयार किए जाएंगे।

हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
बॉल कॉर्पोरेशन के इस बड़े निवेश से मेरठ और आसपास के जिलों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। प्लांट के निर्माण और संचालन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके साथ ही पैकेजिंग, परिवहन और अन्य सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी। इससे मेरठ को मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिल सकती है।

यूपी में 50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर चुके हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स के उत्पादन में भी तेजी आई है। डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कुशल युवा तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए आईटीआई, डिप्लोमा और STEM ग्रेजुएट्स को इंडस्ट्री के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उद्योगों के लिए बनाई गईं 36 सेक्टोरल पॉलिसी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश को आसान बनाने के लिए सरकार ने कई नीतिगत कदम उठाए हैं। प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसी लागू की गई हैं। इसके अलावा 75 हजार एकड़ से अधिक का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक और 27 आधुनिक इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। निवेशकों की सुविधा के लिए ‘निवेश मित्र’ सिंगल विंडो पोर्टल भी संचालित किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इन प्रयासों से प्रदेश में कारोबार और उद्योग स्थापित करने का माहौल बेहतर हुआ है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बिजौली में आयोजित भूमि पूजन समारोह में ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी, सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी अश्विनी त्यागी और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
दिल्ली दंगा केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को राहत नहीं
मिस यूनिवर्स 2026 को मिली नई क्वीन, प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं विजेता
12 राशियों के प्रतीक चिह्न खोलते हैं स्वभाव के कई राज, क्या है महत्व
