Trade Fair 2026: राजधानी दिल्ली में कारोबार, संस्कृति और देश की विविधता का बड़ा संगम देखने को मिलने वाला है। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2026 का आयोजन 14 नवंबर से भारत मंडपम, प्रगति मैदान में शुरू होने जा रहा है। यह मेले का 45वां संस्करण होगा, जिसमें देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 11 देशों की भागीदारी देखने को मिलेगी। इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसके जरिए भारत की आर्थिक प्रगति, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
मेले का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना गुरु माधवी मुद्गल की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों के मुताबिक, इस बार मेले में 17 हॉल तैयार किए गए हैं और 3,500 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों के उत्पादों, सेवाओं, तकनीक और व्यावसायिक अवसरों को प्रदर्शित किया जाएगा।

पीयूष गोयल
बिहार समेत कई राज्यों के उत्पाद होंगे आकर्षण
इस वर्ष बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट का दर्जा दिया गया है। वहीं दिल्ली, असम, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्यों के रूप में शामिल होंगे। इन राज्यों के पवेलियन में स्थानीय हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक उत्पाद, खानपान और क्षेत्रीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये और चीन समेत कई देशों की भागीदारी रहेगी। इससे भारतीय कारोबारियों और विदेशी कंपनियों को व्यापारिक संपर्क बढ़ाने तथा नए बाजारों की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा।

स्टार्टअप और स्थानीय उत्पादों पर रहेगा जोर
मेले में स्टार्टअप्स के लिए भी विशेष स्थान बनाया गया है। हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में नए उद्यमियों और नवाचार आधारित कारोबारों को अपने उत्पाद और तकनीक पेश करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) से जुड़े उत्पाद भी दर्शकों को आकर्षित करेंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, छोटे कारोबारियों और पारंपरिक उद्योगों को बड़े बाजार से जोड़ना है।
खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी मेले में कई विकल्प उपलब्ध रहेंगे। यहां 90 से अधिक फूड आउटलेट्स पर अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों और लोकप्रिय पकवानों का स्वाद लिया जा सकेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत देश की विविध कलाओं और लोक परंपराओं से जुड़ी प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।

14 से 27 नवंबर तक चलेगा मेला
व्यापार मेले का आयोजन 14 से 27 नवंबर तक किया जाएगा। शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस विजिटर्स के लिए विशेष रूप से निर्धारित रहेंगे। आम लोगों के लिए मेले के द्वार 19 नवंबर से 27 नवंबर तक खुलेंगे।
आगंतुकों के लिए प्रवेश का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, सामान्य दर्शकों के लिए प्रवेश शाम 5:30 बजे तक ही उपलब्ध रहेगा। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए भारत मंडपम तक मेट्रो, बस, टैक्सी और ऑटो जैसे परिवहन साधनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। परिसर में जरूरत के अनुसार शटल सेवा, गोल्फ कार्ट और व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

टिकट ऑनलाइन और मेट्रो स्टेशनों पर मिलेंगे
मेले के टिकट ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल और IITF 2026 मोबाइल ऐप के जरिए खरीदे जा सकेंगे। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के 55 चुनिंदा स्टेशनों पर ऑफलाइन टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। टिकट की कीमतें बिजनेस विजिटर्स और आम दर्शकों के लिए अलग-अलग रखी गई हैं। सामान्य दिनों में वयस्कों के लिए टिकट 100 रुपये और बच्चों के लिए 50 रुपये निर्धारित है, जबकि सप्ताहांत में वयस्कों का टिकट 200 रुपये और बच्चों का 100 रुपये होगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को वैध पहचान पत्र दिखाने पर सामान्य दिनों में निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
पार्टनर के प्रति वफादार रहने पर भी मिला धोखा? रिश्ते में बेवफाई की पांच बड़ी वजहें
बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ का महाधमाका, 1,000 करोड़ क्लब में शामिल हुई फिल्म
रोहित शर्मा के नाम वनडे का सबसे बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 173 गेंदों में मचाया था तूफान
