
Lucknow: रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए योगी सरकार ने बड़ी घोषणा को जमीन पर उतार दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृशक्ति मुफ्त बस यात्रा योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से महिलाओं को स्मार्ट कार्ड सौंपे और उन्हें साड़ी व मिठाई देकर सम्मानित किया। इस योजना के तहत 29 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। पात्र महिलाओं को यात्रा के दौरान आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखानी होगी। इसके बाद उनसे बस किराया नहीं लिया जाएगा। योजना के शुभारंभ के मौके पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं को मुफ्त सफर
सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर भी महिलाओं को विशेष सुविधा देने का फैसला किया है। 27 से 29 अगस्त तक महिलाएं रोडवेज और सिटी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इससे त्योहार के दौरान महिलाओं को अपने मायके और परिवार तक आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन से इस योजना की शुरुआत करना महिला सम्मान के लिहाज से विशेष अवसर है। योजना को मंगलवार को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को औपचारिक रूप से शुरू किया गया।
ये भी पढें
अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर योजना
योगी आदित्यनाथ ने योजना का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर महिला स्वावलंबन और जनकल्याण की प्रेरणा रही हैं। सरकार की ओर से कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए जा रहे हॉस्टलों को भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम से जोड़ा जा रहा है। सरकार का कहना है कि महिलाओं को यात्रा की सुविधा देने के साथ शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर बढ़ाने पर भी जोर है।
महिला सुरक्षा को लेकर सरकार का दावा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या पिछले वर्षों में बढ़ी है और महिला बीट जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। योगी ने कहा कि सरकार की योजनाओं में बेटियों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उनका दावा है कि महिला सुरक्षा अब केवल पुलिस व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक और डेटा आधारित प्रणालियों को भी इसमें शामिल किया गया है।
ये भी पढें
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी कई योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सीधे बैंक खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाने, आवास का मालिकाना हक देने और उज्ज्वला योजना के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में डिजिटल उद्यमिता को बढ़ावा देने की तैयारी है। इसके तहत हजारों महिलाओं को डिजिटल कारोबार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सक्षम बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
50 हजार बेटियों को स्कूटी देने का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की 50 हजार बेटियों को स्कूटी देने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं को संपत्ति और आवास में अधिकार देने की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ा रही है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
Toxic Review: यश का खतरनाक अवतार, प्यार और गैंगस्टर की कहानी में कितना दम?
लोनी में प्रदूषण पर बड़ा एक्शन, 25 अवैध फैक्ट्रियां सील; बिजली कनेक्शन भी काटे गए
असम से बंगाल के रास्ते बिहार में कोयला तस्करी का हो रहा बड़ा खेल


One thought on “महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा, CM योगी ने दिया स्मार्ट कार्ड”
Comments are closed.