- ठेला रेवडी व दुकान वालो को पालीथिन प्रयोग पर परेशान न किया जाए-ललित सक्सेना
विजय श्रीवास्तव
लखनऊ। शहर में पालीथिन के बढ़ते उपयोग और उससे होने वाली गंदगी को लेकर बुधवार को उतरेठिया अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की टीम ने नगर निगम जोन-8 के नवागत अधिकारी विकास सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान व्यापारियों ने उन्हें डायरी, कैलेंडर व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया और साथ ही अपनी समस्याएं बिंदुवार रखीं। व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित सक्सेना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पालीथिन पर रोक लगानी है। तो उसकी शुरुआत फैक्ट्रियों से होनी चाहिए, न कि ठेला-रेवड़ी और दुकानदारों को परेशान करके। उन्होंने कहा कि अगर उत्पादन स्तर पर ही पालीथिन बंद कर दी जाए तो न बाजार में पहुंचेगी, न बिकेगी और न ही नालियां जाम होंगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि व्यापार मंडल नगर निगम के हर जनहित अभियान में पूरा सहयोग करेगा, लेकिन इसके बदले व्यापारियों को बेवजह प्रताड़ित न किया जाए।

अतिक्रमण और गंदगी की समस्या भी उठाई
बैठक में बाजारों में हो रहे अतिक्रमण और नगर निगम जे-ब्लॉक साउथ सिटी पिपरौली क्षेत्र में गोबर, कूड़ा और बदबू से निजात दिलाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इस मौके पर जोन-8 के जनरल सेनेटरी अधिकारी जितेंद्र और मोहम्मद नईम भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि नगर निगम व्यापार मंडल के साथ मिलकर कार्य करेगा और जनसहयोग के बिना कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।
समस्या के समाधान का मिला भरोसा
जोन-8 अधिकारी विकास सिंह ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सभी समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि नगर निगम और व्यापारी मिलकर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास करेंगे।

बैठक में रहे ये लोग उपस्थित
व्यापार मंडल की ओर से अध्यक्ष ललित सक्सेना, संरक्षक एवं मीडिया प्रभारी विजय श्रीवास्तव, संरक्षक सत्येंद्र सिंह, सचिन, महताब खान, कोषाध्यक्ष विकास शर्मा सहित कई व्यापारी नेता मौजूद रहे। इस मुलाकात के जरिए व्यापार मंडल ने साफ संदेश दिया कि स्वच्छ शहर की जिम्मेदारी सबकी है, लेकिन समाधान जमीनी स्तर पर उत्पादन रोकने से ही संभव होगा, न कि छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई से।
