सुरक्षा के मद्देनजर राजधानी में चला सघन चेकिंग अभियान
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को राजधानी लखनऊ में सघन चेकिंग अभियान चलाई गई। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
विधानभवन के सामने गुरुवार स्वतंत्रता दिवस की परेड में पुलिस, पीएसी, होमगार्ड एवं ट्रैफिक समेत अन्य कई सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है। डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता, स्पेशल स्क्वायड, एलआईयू एवं क्राइम ब्रांच की टीमें गुरुवार को सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर सघन चेकिंग अभियान में जुटी रही।
चेकिंग के दौरान कई संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई और उनसे पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर पुलिस ने गुरुवार देर शाम तक रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मॉल, रेस्टोरेंट, प्रमुख चौराहों एवं बाजारों में चेकिंग कर तलाशी ली। इस दौरान लोगों के परिचय पत्र देखे गए और उनसे होटलों में ठहरने का कारण पूछा।
झांकियों से सजेगी अवध नगरी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को विभिन्न झांकियों से अवध की सड़कें तिरंगे के रंग में नजर आएगी। विधान भवन पर शुक्रवार सुबह आठ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल समेत पुलिस विभाग के आलाधिकारी मौजूद रहेंगे। परेड के दौरान सेना के जवानों, पुलिस व स्कूली बच्चों के मनमोहक कार्यक्रम लोगों का दिल जीतेंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी।
स्वतंत्रता दिवस की 79 वीं वर्षगांठ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
लखनऊ। किसी तरह का कोई खुराफात न कर सके इसके लिए स्वतंत्रता दिवस की 79 वीं वर्षगांठ पर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।15 अगस्त की सुबह आठ बजे राजभवन में ध्वजारोहण और पांच तक होने वाले कार्यक्रम पर यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया गया है।
1. बन्दरियाबाग चौराहा से सामान्य यातायात राजभवन, डीएसओ चौराहा, हजरतगंज की ओर नही जा सकेगा, बल्कि यह यातायात गोल्फ क्लब चौराहा अथवा एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गन्तव्य को जा सकेगा।
2. लालबत्ती चौराहा से प्रेरणा केन्द्र तिराहा, एनेक्सी तिराहा, सिसेण्डी तिराहा की तरफ सामान्य यातायात नही जा सकेगा, बल्कि यह यातायात बन्दरियाबाग चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा अथवा एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गन्तव्य को जा सकेगा।
3. हजरतगंज चौराहा से सामान्य यातायात डीएसओ चौराहा की तरफ नही जा सकेगा, बल्कि यह यातायात पार्क रोड होकर अपने गंतव्य को जा सकेगा।
4. रॉयल होटल चौराहा से सिसेण्डी तिराहा, डीएसओ चौराहा, एनेक्सी तिराहा, प्रेरणा केन्द्र तिराहा की तरफ सामान्य यातायात नही जा सकेगा, बल्कि यह यातायात हजरतगंज चौराहा अथवा बर्लिग्टन चौराहा होकर अपने गंतव्य को जा सकेगा।
5. डीएसओ चौराहा से पार्क रोड चौराहा, पार्क रोड चौराहा से हजरतगंज चौराहा तक एकल मार्ग निलम्बित रहेगा।
6. वहीं इस दौरान यदि किसी जन-सामान्य की चिकीत्सकीय अपरिहार्यता की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग के अभाव में प्रतिबन्धित मार्ग पर भी एम्बुलेन्स इत्यादि को ट्रैफिक पुलिस/स्थानीय पुलिस द्वारा वीआईपी कार्यक्रम के दौरान अनुमन्य रहेगा। इसके लिए ट्रैफिक कन्ट्रोल नंम्बर-9454405155 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
