- वोटर ID में ली किम लियन, पासपोर्ट में रोहाना नाम; शक पर पकड़ी गई महिला
- 21 साल से भारतीय पहचान-पत्र बनाकर रह रही थी इंडोनेशियाई महिला
- आधार-पैन समेत कई दस्तावेज बनवाने का आरोप
- चीन-जापान के वीजा भी मिले
- कोलकाता में बौद्ध केंद्र चलाने और विदेशी संपर्कों की जांच में जुटीं एजेंसियां
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा के सोनौली इमीग्रेशन कार्यालय पर एक ऐसी विदेशी महिला पकड़ी गई, जो करीब 21 साल से भारत में रहकर कथित तौर पर अपनी असली पहचान छिपाए हुए थी। इंडोनेशिया की रहने वाली इस महिला ने भारतीय नागरिक के नाम पर वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड तक बनवा लिए थे।
लेकिन नेपाल जाने के लिए सोनौली सीमा पर पहुंची तो एक पहचान पत्र ने उसकी पूरी कहानी खोल दी। अब इस मामले ने सुरक्षा एजेंसियों के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक विदेशी नागरिक इतने वर्षों तक भारतीय पहचान के साथ कैसे रही और उसके नाम पर भारतीय दस्तावेज किस आधार पर जारी हुए?
जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला नेपाल के लुंबिनी जाने के लिए सोनौली इमीग्रेशन कार्यालय पहुंची थी। वहां नेपाल जाने की प्रक्रिया के दौरान उसने अपना भारतीय वोटर आईडी कार्ड प्रस्तुत किया। कार्ड पर नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज थी। हालांकि, महिला की हिंदी बोलने की शैली और बातचीत पर इमीग्रेशन अधिकारियों को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान जब उससे उसकी पहचान के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उसने इंडोनेशियाई पासपोर्ट प्रस्तुत किया। पासपोर्ट में उसका नाम रोहाना और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज मिली। यहीं से उसके अलग-अलग पहचानों का मामला सामने आया।

भारतीय पहचान के नाम पर बनवा लिए कई दस्तावेज
प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला वर्ष 2005 में इंडोनेशिया से भारत आई थी। इसके बाद कथित तौर पर ली किम लियन के नाम से वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड सहित कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए। उसके पास मिला इंडोनेशियाई पासपोर्ट 11 अगस्त 2033 तक वैध है, जबकि मल्टीपल एंट्री रोजगार वीजा की वैधता नौ नवंबर 2026 तक थी। सवाल यह भी है कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद उसने भारतीय पहचान से जुड़े इतने महत्वपूर्ण दस्तावेज कैसे हासिल कर लिए।
चीन, जापान और ताइवान तक की यात्राएं भी की
जांच के दौरान महिला के पास चीन और जापान के वीजा भी मिले। जानकारी के अनुसार, वह भारत से चीन, जापान और ताइवान सहित कई देशों की यात्रा कर चुकी है। नवंबर 2025 में वह चीन से भारत लौटी थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह कोलकाता में एक गैर-सरकारी संगठन के माध्यम से फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर का संचालन करती थी और वहां अध्यक्ष पद पर कार्यरत थी। इसके अलावा लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर से उसके संपर्क की जानकारी भी सामने आई है।

बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा में देती थी तकनीकी मदद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा के लिए तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराती थी। हालांकि, उसके विदेशी संपर्कों, भारत में गतिविधियों और विभिन्न देशों की यात्राओं के पीछे की वास्तविक भूमिका की अभी जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध गतिविधि में उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
धोखाधड़ी और विदेशी नागरिक कानून के तहत मुकदमा
इमीग्रेशन विभाग ने महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के हवाले कर दिया।
सोनौली थाने में मुकदमा दर्ज, कई धाराओं में कार्रवाई
मामले में सोनौली थाने में 11 नवंबर की रात 11:59 बजे मुकदमा संख्या 109/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 336(3), 338 और 340 (2) के साथ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 की धारा 22 और 23 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। भारतीय पहचान के दस्तावेज बनवाने से लेकर उसके कथित संपर्कों तक की जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि 11 नवंबर की रात 11:59 बजे महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, कूटरचित दस्तावेजों का असली के रूप में इस्तेमाल करने तथा आव्रजन एवं विदेशी नागरिकों से संबंधित नियमों के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने भारत में किन परिस्थितियों में दस्तावेज बनवाए, इतने वर्षों तक कहां-कहां रही और उसके संपर्क किन लोगों से थे। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
यूपी में 1200 करोड़ की फैक्ट्री, अब बनेगा बुलडोजर
आमिर खान और फरहान अख्तर की बड़ी साझेदारी, लॉन्च करेंगे नया माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म
छठ पूजा पर घर लौट रहा परिवार गंगा एक्सप्रेसवे पर उजड़ा, दंपति समेत चार की मौत
