लैंडिंग के दौरान फिशटेल और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर टकराए, दो घायल
सुरेश गांधी
Nepal helicopter crash: नेपाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमानन हादसा हो गया। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के निकट सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे (Pheriche) हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। हादसे में 47 वर्षीय भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक नागरिक और एक नेपाली पायलट घायल हो गए। दोनों हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के बताए जा रहे हैं।
नेपाल पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 8:11 बजे हुई। दोनों हेलीकॉप्टर जब फेरीचे हेलिपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। एसोसिएटेड प्रेस (AP) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय पर्यटक की उम्र 47 वर्ष थी। न्यूजीलैंड का एक यात्री घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए काठमांडू ले जाया जा रहा था। एक नेपाली पायलट को भी चोटें आईं, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।
इससे पहले सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने मृतक की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामरामाडु के रूप में बताई थी। वहीं, घायल यात्री की पहचान भारतीय मूल के न्यूजीलैंड निवासी शैलेश कृष्ण पटेल के रूप में सामने आई। उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल पर भेजी गई है।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जानकारी में रोटर ब्लेड के आपस में टकराने की बात सामने आई है। गौरतलब है कि फेरीचे समुद्र तल से करीब 4200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले पर्वतारोहियों और पर्यटकों के लिए प्रमुख पड़ाव है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल पर्यटकों के आवागमन और आपातकालीन बचाव कार्यों में बड़े पैमाने पर होता है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
नौतनवां नगर पालिका में अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने दी नई गाड़ियों की सौगात
बहरीन में सुरक्षा मंथन के बाद विदेश सचिव ने UAE संग साझेदारी पर की चर्चा
G20 में बोले डॉ. जयशंकर- सैन्य विकल्पों से नहीं, कूटनीति से हल होंगे वैश्विक संकट
