- DM संतोष कुमार शर्मा और SP शक्ति मोहन अवस्थी भी रहे मौजूद
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। महाराजगंज जनपद से सटी करीब 84 किलोमीटर लंबी सीमा पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। संभावित अवैध घुसपैठ, हथियारों की तस्करी और नकदी के अवैध आवागमन को रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन तलाशी ली जा रही है। उनके सामानों की भी बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाई जा सके। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर नजर बनी रहे।
सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां चौबीसों घंटे मुस्तैदी के साथ सीमा की निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में आज गोरखपुर के DIG .S चनप्पा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और महाराजगंज के नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी स्वयं सोनौली बॉर्डर पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान नेपाल के सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार रूट मार्च और निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि सीमा क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत बनी रहे।
बैठक के दौरान भारत और नेपाल की सीमा पर तैनात एजेंसियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। सशस्त्र सीमा बल, स्थानीय पुलिस, कस्टम विभाग समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा की गई और आपसी समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव को देखते हुए किसी भी तरह की अवैध घुसपैठ या तस्करी की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सभी सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि चुनावी माहौल शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बना रहे।
