- पश्चिम विहार वेस्ट थाने में छापा, एक लाख रुपये की रिश्वत लेते दबोचा गया आरोपी दरोगा
नई दिल्ली। दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। आउटर दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट थाने में छापेमारी कर एक सब-इंस्पेक्टर (SI) को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।
बेल दिलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी SI उसी थाने में तैनात था। 26 मार्च को इलाके में हुए एक झगड़े के मामले में गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ था। इसी केस में आरोपी को बेल दिलाने के नाम पर दरोगा ने 5 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में यह डील 3 लाख रुपये में तय हुई। इसकी पहली किश्त के तौर पर एक लाख रुपये लेने के लिए उसने पीड़ित को थाने बुलाया।
CBI ने ऐसे बिछाया जाल
पीड़ित ने पहले ही CBI में शिकायत दर्ज करा दी थी। इसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत पीड़ित को पैसे लेकर थाने भेजा गया। जैसे ही आरोपी SI ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, मौके पर मौजूद CBI टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें
गुजरात में IPS मनोज निनामा का इस्तीफा, अब चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी
20 दिन में दूसरी बड़ी रेड
आउटर डिस्ट्रिक्ट में CBI की यह करीब 20 दिनों के भीतर दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले मार्च में सुल्तानपुरी थाने में छापा मारकर दो पुलिसकर्मियों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में SHO को भी लाइन हाजिर कर दिया गया था।
SHO पर भी लटकी कार्रवाई की तलवार
इस ताजा मामले के बाद अब पश्चिम विहार वेस्ट थाने के SHO पर भी कार्रवाई की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आउटर डिस्ट्रिक्ट के DCP की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। नियमों के मुताबिक, किसी थाने में CBI की रेड के बाद SHO को हटाया जाना आम प्रक्रिया मानी जाती है। अब देखना होगा कि इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है।
