- अभद्रता के आरोप को लेकर कर्मचारियों ने कार्रवाई की मांग उठाई,
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। महराजगंज जनपद के विकास भवन परिसर में बुधवार को उस समय अचानक माहौल गर्म हो गया जब जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) श्रेया मिश्रा और पनियरा ब्लॉक के सोहांस ग्राम के प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच हुई बहस के कारण कुछ समय के लिए कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जानकारी के अनुसार सोहांस ग्राम के प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह, जो पीजी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष और हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक भी बताए जा रहे हैं, क्षेत्रीय विधायक का पत्र लेकर डीपीआरओ कार्यालय पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने गांव के ग्राम विकास अधिकारी को हटाने की मांग रखी।
इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और तीखी बहस होने लगी। घटना के कुछ देर बाद डीपीआरओ श्रेया मिश्रा अपने कुछ अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की ओर से इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए तीन दिन के भीतर उचित कदम न उठाए जाने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी देने की चर्चा भी सामने आ रही है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी जताई जा रही है। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर पूरे प्रकरण की जानकारी देगा और कार्रवाई की मांग करेगा। हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक सतीश सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद विकास भवन में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।
