मथुरा। ब्रज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां विख्यात गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ “फरसा वाले बाबा” की कथित तौर पर गौ तस्करों ने बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बाबा तस्करों का बाइक से पीछा कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें वाहन से कुचल दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और शोक की लहर दौड़ गई है।
कोसी कलां इलाके में तड़के वारदात
यह घटना कोसी कलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी अंतर्गत नवीपुर गांव की बताई जा रही है। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि तीन अन्य फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश जारी है। घटना से गुस्साए गौरक्षकों ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। संत समाज में भी इस घटना को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
ये भी पढ़ें
‘अमेरिका का साथ पड़ा भारी तो चुकानी पड़ेगी कीमत’: ईरान की ब्रिटेन को खुली चेतावनी
साधु-संतों पर बढ़ते हमलों से चिंता
मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में हाल के दिनों में संतों के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ती दिख रही हैं। हाल ही में राधा बल्लभ मंदिर के पुजारी मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा की भी हत्या कर दी गई थी। अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी मथुरा-वृंदावन में साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर इन घटनाओं पर लगाम कब लगेगी।
