लखनऊ। कैंसर के खिलाफ जागरूकता फैलाने और इसके रोकथाम का संदेश देने के उद्देश्य से आज 04 फरवरी 2026 को मंडल कार्यालय में विश्व कैंसर दिवस पूरे उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. सुनीता तिर्की के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा ने विश्व कैंसर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इससे प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करना और विज्ञान व नीति के माध्यम से इसके उन्मूलन के लिए वैश्विक प्रयासों को मजबूती देना है। साथ ही उन्होंने संक्रमण की रोकथाम में जनभागीदारी को अहम बताया।

कार्यक्रम में डॉ. गौरव श्रीवास्तव एवं डॉ. राजेश कुमार टी. ने जीवनशैली से जुड़ी आदतों पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि अनियमित खान-पान, प्रोसेस्ड फूड और जंक फूड का अधिक सेवन कैंसर का बड़ा कारण बनता जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ आहार अपनाने और नियमित जांच कराने की अपील की। इस जागरूकता कार्यक्रम में अनेक चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. गुनानिधि, डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. आर्य कृष्णा, डॉ. इशान खान, डॉ. आशुतोष, डॉ. विकास, डॉ. नितिन सहित बड़ी संख्या में पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहा। साथ ही गीता चौधरी, एच.एम. क्रोजर, पी. जयमणि, सलमा, पूजा हयारण, प्रिंसी तोमर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शैलेंद्र संज्ञा, एस.डी. मंसूरी, हरभजन, फार्मासिस्ट गुरजिंदर शर्मा, प्रयोगशाला अधीक्षक राकेश गुप्ता, एमएचए राजेश कंचन समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सहायक नर्सिंग अधिकारी सुनीता अहमद ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सही जानकारी, स्वस्थ जीवनशैली और समय पर जांच से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। समाज की सहभागिता ही इस लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार है।
